कोरोना वायरस महामारी की वजह से सभी उद्योगों को घाटा हुआ है, लेकिन एविएशन सेक्टर उन सेक्टर्स में से है जो सबसे ज्यादा प्रभावित है। कोरोना काल में कई एयरलाइंस ने कर्मचारियों की छंटनी की है, वहीं कुछ कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भी भेजा है। अब खबर आ रही है कि कैथे पैसिफिक एयरवेज लिमिटेड (Cathay Pacific) हांगकांग में लगभग 5,300 नौकरियों की कटौती करेगी और अपनी इकाई कैथे ड्रैगन को बंद करेगी।
इतना ही नहीं, हांगकांग के बाहर अन्य 600 कर्मचारियों की नौकरी पर भी संकट मंडरा रहा है। साथ ही 2,600 पदों को समाप्त कर दिया जाएगा। कंपनी की हेडकाउंट का करीब 24 फीसदी यानी 8,500 नौकरियों की संपूर्ण कटौती करने की योजना है। इसे कोरोना काल के बाद से वैश्विक स्तर पर विमानन में सबसे बड़ी हिट माना जा रहा है।
अनिश्चित है भविष्य
इस संदर्भ में कैथे ने बुधवार को एक बयान में कहा कि, 'भविष्य बेहद अनिश्चित है और यह स्पष्ट है कि रिकवरी धीमी है। प्रबंधन टीम ने निष्कर्ष निकाला है कि सबसे अधिक आशावादी परिदृश्य यह है कि वह वर्ष 2021 में 2019 में संचालित यात्री क्षमता के 50 फीसदी के बराबर ही संचालन करे।'
ये है कंपनी की योजना
बुधवार को जारी बयान में कहा गया कि कैथे की पुनर्गठन योजना उसके मासिक खर्च को कम करके 6.5 करोड़ डॉलर करने की है। इस योजना को एयरलाइन के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। हांगकांग स्थित एयरलाइन ने यह भी कहा कि ड्रैगन का संचालन बुधवार से बंद हो जाएगा। कैथे और हांगकांग एक्सप्रेस एयरवेज लिमिटेड द्वारा संचालित किए जाने वाले अधिकांश मार्गों के लिए विनियामक अनुमोदन की मांग की जाएगी।
आने वाले सालों में और अधिक हो सकती है कटौती
आगे कंपनी ने कहा कि यह संभव है कि आने वाले सालों में अधिक कटौती हो। कैथे ने इस साल की शुरुआत में एक पुनर्पूंजीकरण योजना के माध्यम से राशि जुटाई थी, जिससे हांगकांग सरकार की कंपनी में 6.08 फीसदी हिस्सेदारी हो गई थी। साथ ही और धन बचाने के लिए विमान की डिलीवरी को स्थगित कर दिया गया था।
2019 के स्तर तक पहुंचने के लिए लग सकते हैं तीन साल
पहले अमेरिका स्थित विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने कहा था कि एविएशन इंडस्ट्री को 2019 के स्तर तक पहुंचने के लिए कम से कम तीन साल लग सकते हैं। बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेव कैलहोन ने हाल ही में कहा था, फंडामेंटल ग्रोथ ड्राइवर बरकरार हैं, लेकिन 2019 के स्तर पर हवाई यात्रा के लिए दो से तीन साल का वक्त लगेगा।