फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्पाइसजेट की उड़ानों पर संकट के बादल: पायलटों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल, डीजीसीए से की सख्त कार्रवाई की मांग

Mon, 23 Nov 2026 10:20 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, नई दिल्ली।

सार

स्पाइसजेट की लगातार बिगड़ती वित्तीय स्थिति और कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने का मामला अब उड़ान सुरक्षा तक पहुंच गया है। पायलटों के संगठन एएलपीए इंडिया ने  डीजीसीए और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से एयरलाइन की आर्थिक स्थिति, रखरखाव व्यवस्था और कर्मचारियों की परेशानी की जांच करने की मांग की है।

विज्ञापन
स्पाइसजेट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्पाइसजेट की आर्थिक मुश्किलें अब सिर्फ उसके कारोबार तक सीमित नहीं रह गई हैं। एयरलाइन में लगातार उड़ानें रद्द होने, कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने और कामकाज में आ रही परेशानियों ने हवाई सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पायलटों के संगठन एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएलपीए इंडिया) ने इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विमानन नियामक डीजीसीए से तुरंत कदम उठाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसी एयरलाइन की आर्थिक हालत खराब होने का खामियाजा यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को नहीं भुगतना चाहिए।

विज्ञापन


डीजीसीए ने स्पाइसजेट से मांगा जवाब
17 नवंबर को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें एयरलाइन से लगातार उड़ानें रद्द होने, कर्मचारियों को भुगतान में देरी और कामकाज में सामने आई दूसरी गड़बड़ियों को लेकर जवाब मांगा गया। नियामक ने एयरलाइन से यह भी पूछा कि नियमों का पालन नहीं होने के पीछे क्या वजह रही। इस घटनाक्रम के बाद एएलपीए इंडिया ने कहा है कि स्पाइसजेट के साथ-साथ आर्थिक संकट से जूझ रही दूसरी एयरलाइनों की स्थिति पर भी नजर रखी जानी चाहिए।

पायलटों पर नियमों का दबाव, एयरलाइन की जिम्मेदारी कौन तय करेगा?
एएलपीए इंडिया ने डीजीसीए की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि जब कोई पायलट नौकरी छोड़ना चाहता है, तो उस पर नोटिस पीरियड और एनओसी से जुड़े नियम सख्ती से लागू किए जाते हैं। यानी पायलट को दूसरी एयरलाइन में जाने से पहले तय प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। लेकिन जब एयरलाइन खुद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं देती, तब उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि वेतन और नौकरी से जुड़े मामले कंपनी और कर्मचारी के बीच का मामला हैं। संगठन ने सवाल उठाया है कि अगर पायलटों को अनुबंध की शर्तें मानने के लिए मजबूर किया जा सकता है, तो एयरलाइन को भी अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए जवाबदेह क्यों नहीं बनाया जाता?
विज्ञापन


वेतन में देरी से उड़ान सुरक्षा पर पड़ सकता है असर
एएलपीए इंडिया का मानना है कि पायलटों और केबिन क्रू को लगातार वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ती हैं। इसका असर उनकी मानसिक स्थिति पर भी पड़ता है। संगठन के मुताबिक, उड़ान के दौरान पायलट और केबिन क्रू बेहद अहम जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में अगर वेतन की चिंता और नौकरी की अनिश्चितता उनके दिमाग पर हावी रहेगी, तो यह सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है।संगठन ने साफ कहा कि उड़ान सुरक्षा को लेकर नियम सभी पर बराबर लागू होने चाहिए। अगर पायलटों के लिए नोटिस पीरियड जरूरी है, तो एयरलाइन के लिए समय पर वेतन देना भी उतना ही जरूरी होना चाहिए। कर्मचारियों को ऐसी कंपनी में काम जारी रखने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए, जो खुद अपने वादे पूरे नहीं कर रही है।

एएलपीए इंडिया ने रखीं तीन बड़ी मांगें
17 नवंबर को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेजे गए पत्र में संगठन ने कई जरूरी कदम उठाने की मांग की है। इनमें विमानों के रखरखाव से जुड़े संसाधनों की बेहतर निगरानी, कर्मचारियों को समय पर वेतन देना और नौकरी छोड़ने की प्रक्रिया आसान बनाना शामिल है। संगठन ने कहा है कि जहां एयरलाइन अपने अनुबंध की जिम्मेदारियां पूरी करने में नाकाम रही है, वहां कर्मचारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए। उसका कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को केवल कंपनी का अंदरूनी मामला बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने भी जताई चिंता
स्पाइसजेट की स्थिति को लेकर सिर्फ एएलपीए इंडिया ही नहीं, फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने भी चिंता जताई है। 22 नवंबर को एफआईपी ने डीजीसीए से एयरलाइन की वित्तीय स्थिति और उड़ान सुरक्षा की तुरंत जांच करने की मांग की। संगठन ने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि कंपनी के आर्थिक संकट का कर्मचारियों की जिंदगी, मानसिक स्थिति और काम करने की क्षमता पर कितना असर पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें: चावल के निर्यात पर 20% शुल्क लगाएगी सरकार?: बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी, क्या-क्या चुनौतियां?
विज्ञापन


5,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में स्पाइसजेट
एक तरफ एयरलाइन पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ कंपनी अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश में जुटी है। 18 नवंबर को स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने 5,500 करोड़ रुपये तक की रकम जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कामकाज को पटरी पर लाने में मदद मिलेगी। हालांकि, बाजार में एयरलाइन की स्थिति भी लगातार कमजोर हुई है। घरेलू विमानन बाजार में स्पाइसजेट की हिस्सेदारी अगस्त में 1.2 फीसदी थी, जो सितंबर में घटकर महज 0.6 फीसदी रह गई। यह गिरावट बताती है कि कंपनी के सामने चुनौतियां कितनी बड़ी हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें