ब्रिटेन की बड़ी चिप डिजाइनर कपंनी आर्म होल्डिंग्स ने एक बड़ा एलान किया है, जो सीधे कंपनी के कर्मचारियों को प्रभावित करेगा। दरअसल, कंपनी ने अपने 15 फीसदी कर्मचारियों की निकालने की घोषणा की है। एक रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी ने पिछले महीने अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के साथ 40 अरब डॉलर का सौदा दिया था, जो कि कुछ कारणों से आगे नहीं बढ़ सका। इस सौदे के टूटने के बाद कंपनी ने ये बड़ा एलान किया है।
एपल-सैमसंग के लिए करती है काम
रिपोर्ट में कहा गया है कि आर्म होल्डिंग्स अमेरिका और ब्रिटेन में अपने कर्मचारियों को निकालने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यह कंपनी एपल और सैमसंग जैसी दिग्गज कंपनियों के लिए भी चिप डिजाइन करती है। इनका इस्तेमाल दुनियाभर में स्मार्टफोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में किया जाता है। बता दें कि इस ब्रिटिश कंपनी के दुनियाभर में करीब 6,400 कर्मचारी हैं। इस लिहाज से देखें तो करीब 1,000 कर्मचारियों पर बेरोजगार होने का खतरा मंडरा रह है।
कोरोना काल में बिगड़े कंपनियों के हालात
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के संकट काल में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री में तो तेजी आई, लेकिन चिप कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। इससे इन कंपनियों को मांग पूरा करने के लिए भारी संघर्ष करना पड़ रहा है। बता दें कि आर्म होल्डिंग्स में जापानी कंपनी सॉफ्टबैंक का निवेश है जिसने 2016 में इसे 32 अरब डॉलर में खरीदा था। उसने इसे एनवीडिया को 40 अरब डॉलर में बेचने की योजना बनाई थी। लेकिन सॉफ्टबैंक ने नियामकीय अड़चनों का हवाला देते हुए इससे किनारा कर लिया था।