पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर आमने-सामने वाली सभी जगहों पर तनाव चरम पर है। भारत और चीन के विदेश मंत्रियों के बीच मॉस्को में पांच सूत्री सहमति के पांच दिन बाद भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। चीन भारत की अर्थव्यवस्था की जासूसी कर रहा है। चीनी सरकार से जुड़ी झेन्हुआ डाटा इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी कंपनी ने भारत के टेक स्टार्पअप्स से लेकर पेमेंट और हेल्थकेयर एप्स तक, हर कंपनी के अधिकारियों पर नजर रखी हुई है।
झेन्हुआ के डाटाबेस में इससे संबंधित 1400 एंट्री मिली हैं, जिनमें अजीम प्रेमजी की कंपनी विप्रो, फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक बिन्नी बंसल और मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस भी शामिल हैं।
इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में इसका खुलासा किया है। जिन दिग्गजों की ट्रैकिंग की जा रही है, उनमें टी के कुरियन (चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर, प्रेमजी इन्वेस्ट), अनीष शाह (ग्रुप सीएफओ, महिंद्रा ग्रुप), पीके एक्स थॉमस (सीटीओ, रिलायंस ब्रांड्स) और ब्रायन बेड (सीईओ, रिलायंस रिटेल) शामिल हैं।
वहीं, पड़ताल के दूसरे भाग में पता चला कि भारतीय रेलवे में इंटर्नशिप कर रहे इंजीनियरिंग के बच्चों से लेकर दिग्गज कंपनियों के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर तक चान की नजर है। इस सूची में वेंचर कैपिटलिस्ट, एंजल इन्वेस्टर्स, स्टार्टअप्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के संस्थापक और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर शामिल हैं।
इन कारोबारियों पर भी है चीन की नजर
नए दौर के कारोबारियों की बात करें, तो चीन ने बिन्नी बंसल (फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक), दीपेंदर गोयल (जोमैटो के संस्थापक), नंदन रेड्डी (स्विगी के सह-संस्थापक), फाल्गुनी नायर (न्याका की सह-संस्थापक) और नमीत पोंटिस (पेयू के बिजनेस हेड) शामिल हैं।
इन एप्स की जासूसी कर रहा चीन
इसके साथ ही पेटीएम, रेजरपे, फोनपे, पाइन लैब्स, एवेन्यूज पेमेंट, सीसी एवेन्यूज, एफएसएस पेमेंट गेटवे, बिग बास्केट, डेली बाजार ,जैप फ्रेश, जोमैटो, स्विगी और फूड पांडा की भी चान जासूसी कर रहा है।
मंत्रियों की भी हो रही जासूसी
सोमवार को खुलासा हुआ था कि झेन्हुआ डाटा इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी 10,000 भारतीय लोगों व संगठनों की निगरानी कर रहा है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनका परिवार, व कई कैबिनेट मंत्री शामिल हैं।