चीन के निर्यात में मई माह में तेजी आई है। वहीं चीन का अमेरिका को निर्यात 10 प्रतिशत कम हुआ है। सोमवार को सीमा शुल्क के आंकड़े जारी किए गए, जिनमें बताया गया कि का निर्यात मई महीने में पिछले साल की तुलना में 4.8 प्रतिशत ज्यादा हुआ। आंकड़ों के अनुसार, चीन के आयात में साल-दर-साल 3.4 प्रतिशत की कमी आई है, जिसके कारण चीन का व्यापार अधिशेष 103.2 अरब डॉलर हो गया है। मई में चीन का अमेरिका को निर्यात 28.8 अरब डॉलर रहा। वहीं चीन का अमेरिका से आयात 7.4 प्रतिशत गिरकर 10.8 अरब डॉलर रहा।
ब्रिटेन में होनी है चीन-अमेरिका के बीच बैठक
अप्रैल में चीन के वैश्विक निर्यात में 8.1 प्रतिशत की तेजी के बाद मई में व्यापार धीमा हो गया। अमेरिका-चीन वार्ता का अगला दौर सोमवार को ब्रिटेन में होने वाला है। इस वार्ता में चीन की तरफ से उप-प्रधानमंत्री ही लेइफेंग शामिल होंगे। वहीं अमेरिका की तरफ से अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक और व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर बैठक में शामिल होंगे। बीते हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के नेता शी जिनपिंग के बीच फोन पर बात हुई थी, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति ने अच्छी बातचीत बताया था।
ये भी पढ़ें-
Report: वैश्विक खाद्य बाजार में गिरावट, पर डेयरी उत्पाद महंगे; मई में खाद्य मूल्य सूचकांक रहा औसतन 127.7 अंक
फरवरी में शुरू हुई थी टैरिफ वॉर
बीते महीने ही विश्व की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन ने आयात कर कम करने के लिए एक अस्थायी संघर्ष विराम पर सहमति व्यक्त की थी, लेकिन तब से ही दोनों देश एक-दूसरे पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं। फरवरी में ट्रंप ने चीन से आने वाले सामान पर टैरिफ लगाने का एलान किया था। इसके जवाब में चीन ने भी अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ बढ़ा दिया। हालांकि मई में ट्रंप ने इस पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी।