पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अर्थव्यवस्था को कैशलेस बनाने के मुद्दे पर निशाना साधा है। चिदंबरम ने पीएम मोदी को चैलेंज करते हुए कहा है कि क्या वह इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में कैपिटेशन फीस को खत्म करा सकते हैं।
गौरतलब है कि कॉलेजों में दाखिले के लिए अभिभावक कॉलेजों को मनचाही कैपिटेशन फीस देते हैं और वह भी कैश में। चिदंबरम ने कहा कि मई और जून में इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले खुलेंगे इस दौरान कैपिटेशन फीस ली जाएगी।
क्या पीएम मोदी अभिभावकों को ये आश्वासन दे सकते हैं कि इस बार उनसे कैपिटेशन फीस नहीं ली जाएगी। कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि जब पीएम मोदी कैशलेस इकॉनोमी की बात करते हैं तो वह ऐसी बातें करते हैं जो कहीं नही होंती। उनको कोई अधिकार नहीं है ऐसी बातें करने का। उन्हें वैश्विक फिनोमिना की ओर देखना चाहिए। अमेरिका में करीब 42 फीसदी कैशफ्लो आता है तो फ्रांस में 56 फीसदी।