सस्ती हवाई यात्रा का सपना अब साकार होने जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजापति राजू और राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने शुक्रवार इससे संबंधित एक योजना की घोषणा की। क्षेत्रीय संपर्क स्थापित करने के मकसद से लाई गई इस स्कीन को UDAN नाम दिया गया है। योजना में यात्रियों के लिए टिकट की दर 2,500 रुपए प्रति घंटा रखी गई है। इस योजना का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाना है। उड़े देश का आम नागरिक (UDAN) स्कीम के तहत पहली फ्लाइट जनवरी 2017 से उड़ान भरेगी।
इस योजना के तहत प्रावधान किया गया है कि 500 किलोमीटर की फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट फ्लाइट के लिए ढाई हजार रुपए प्रति घंटा किराया होगा। जिसमें सभी तरह के टैक्स भी शामिल होंगे। हालांकि इस योजना के तहत आधी सीटें मार्केट रेट पर ही उपलब्ध होंगी। इस स्कीम के लिए फ्लाइट की अलग कैटिगरी बनाई जाएगी।
रीजनल फ्लाइट प्लान में सब्सिडी मॉडल लागू होगा और एयरलाइंस प्रति सीट सब्सिडी के लिए बोली लगा सकते हैं। इस प्रणाली के तहत एयरलाइंस कम से कम 9 और अधिकतम 40 सीटों के बोली लगा सकती हैं।