केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने वाप्कोस के पूर्व सीएमडी आरके गुप्ता के परिसरों से 90 बैंक और सावधि जमा खातों से संबंधित दस्तावेजों का पता लगाया है। उन्होंने कहा कि सावधि जमा का मूल्य लगभग 5.5 करोड़ रुपये है। गुप्ता के परिसरों से बरामद धन और संपत्ति के दस्तावेजों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो में जारी है।
एजेंसी ने वाप्कोस के पूर्व अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक गुप्ता और उनके बेटे गौरव को उनके परिसरों से 38.70 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद करने के बाद गिरफ्तार किया था। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी की ओर से बरामद की गई कई यह अब तक की सबसे बड़ी राशि थी।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी की टीमों को गुप्ता की तीन संपत्तियों से नकद बरामद किए हैं। इनमें पीतमपुरा और गुरुग्राम के घरों से 13-13 करोड़ रुपये जबकि चंडीगढ़ में उनके बेटे गौरव सिंघल के घर से 11 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। आरके गुप्ता 2010 से 2020 के दौरान वाप्कोस के सीएमडी थे, जबकि उनके बेटे गौरव सिंघल एक अग्रणी कार निर्माता कंपनी में कार्यरत हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस कवायद से अब तक एक फार्महाउस सहित कम से कम 15 संपत्तियों के दस्तावेज सामने आए हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को तलाशी के दौरान तीन महंगी लग्जरी कारें, आभूषण और करोड़ों मूल्य के 17 सोने के सिक्के और छड़ें भी मिलीं।
सीबीआई अधिकारियों ने आय से अधिक 7.91 करोड़ रुपये की संपत्ति के मामले में दो मई को छापेमारी की थी, जिसमें उन्हें गुप्ता के आवासों की अलमारियों और शयनकक्षों में रखे सूटकेस में 2000 और 500 रुपये के नोटों के बंडल मिले थे।