एयर इंडिया के नामित सीईओ कैम्पबेल विल्सन।
- फोटो : एएनआई
टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया के मनोनीत मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैम्पबेल विल्सन को गृह मंत्रालय से सुरक्षा संबंधी मंजूरी मिल गई है। गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब विल्सन के एयर इंडिया की कमान संभालने का रास्ता साफ हो गया है। आपको बता दें कि टाटा समूह ने एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद कैम्पबेल विल्सन को एयर इंडिया का सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया था।
एयरलाइन के मुख्य अधिकारियों के लिए लेनी होती है एमएचए की मंजूरी
देश में नागर विमानन नियमों के तहत एयरलाइन कंपनियों के मुख्य अधिकारियों की नियुक्ति के लिये गृह मंत्रालय से मंजूरी लेने जरूरी होती है। बीते 12 मई को टाटा संस ने विल्सन को एयर इंडिया का सीईओ और प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की थी। इससे पहले कैम्पबेल सिंगापुर एयरलांइस के सीईओ रहे हैं। उनके पास कनाडा, हांगकांग और जापान की एयरलाइन कंपनियों में काम करने का भी अनुभव है।
टाटा संस अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया में कर रही है बड़ा बदलाव
बीते साल अक्टूबर महीने में सरकार ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए सार्वजनिक क्षेत्र की नागर विमानन कंपनी एयर इंडिया को टाटा संस की सहायक कंपनी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड को सौंप दिया था। सरकार और टाटा ग्रुप के बीच यह डील करीब 18,000 करोड़ रुपये में हुई थी।
आपको बता दें कि एयर इंडिया की शुरुआत टाटा समूह ने ही साल 1932 में ही की थी साल 1953 में एयर इंडिया का राष्ट्रीयकरण किया गया था। अब दोबारा एयर इंडिया टाटा ग्रुप के पास पास आ गई है।