एयर इंडिया के नए सीईओ कैम्पबेल विल्सन।
- फोटो : सोशल मीडिया
गुरुवार को टाटा संस ने बड़ा एलान करते हुए बताया कि एयर इंडिया का नया सीईओ मिल गया है। कम लागत वाली एयरलाइन स्कूट के संस्थापक और सीईओ कैंपबेल विल्सन को एयर इंडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विल्सन का अनुभव आएगा काम
50 वर्ष के कैम्पबेल विल्सन को विमानन क्षेत्र में 26 साल का लंबा अनुभव है, जो एयर इंडिया को आगे बढ़ाने में काम आएगा। उन्होंने न्यूजीलैंड में कैंटरबरी विश्वविद्यालय से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में प्रथम श्रेणी के साथ मास्टर ऑफ कॉमर्स किया है। करियर की शुरुआत की बात करें तो विल्सन ने 1996 में न्यूजीलैंड में एसआईए के साथ एक प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में करियर शुरू किया था।
कई देशों में दीं है सेवाएं
विल्सन ने सिंगापुर एयरलाइंस समूह में जिम्मेदारी संभालते हुए जापान, कनाडा और हांगकांग जैसे कई बड़े देशों में 15 वर्ष से ज्यादा समय तक काम किया है। साल 2011 में विल्सन वापस सिंगापुर लौट आए और स्कूट के संस्थापक सीईओ के रूप में अपना काम शुरू किया। गौरतलब है कि स्कूट सिंगापुर एयरलाइंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। उन्होंने 2016 तक इस कंपनी का नेतृत्व किया।
एन चंद्रशेखरन संभाल रहे थे कमान
बता दें कि विल्सन से पहले तुर्किश एयरलाइंस के पूर्व चेयरमैन इल्कर अयासी का नाम चेयरमैन के तौर पर चुना गया था। लेकिन, कुछ दिनों बाद ही उन्होंने एयर इंडिया के सीईओ बनने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मार्च 2022 में एयर इंडिया के अध्यक्ष पद के लिए चल रही जद्दोजहद के बीच ग्रुप ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को आधिकारिक तौर पर एयरलाइन का नया अध्यक्ष चुना गया था।