पीएलआई: इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फार्मा क्षेत्र को मिला 70 फीसदी प्रोत्साहन
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और फार्मास्युटिकल्स क्षेत्र ने 2024-25 में उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं के तहत कुल वितरण का 70 फीसदी हासिल किया है। आंकड़ों के मुताबिक, 2024-25 में सरकार ने पीएलआई के तहत कुल 10,114 करोड़ रुपये वितरित किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की पीएलआई कंपनियों को इसमें से सबसे ज्यादा 5,732 करोड़ रुपये की राशि मिली है। इसके बाद दवा क्षेत्र की कंपनियों को 2,328 करोड़ रुपये मिले हैं। ये आंकड़े इन क्षेत्रों में भारत की मजबूत ताकत, विनिर्माण और मूल्य वर्धित निर्यात को बढ़ावा देने के प्रयासों को दर्शाते हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश के इलेक्ट्रॉनिक सामान के निर्यात में सबसे ज्यादा 32.46 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्यात 2023-24 के 29.12 अरब डॉलर से बढ़कर पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान 38.58 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।
सितंबर से 1.5% तक महंगी होंगी मर्सिडीज की कारें
मर्सिडीज बेंज इंडिया इस साल तीसरी बार कारों की कीमतें बढ़ा सकती है। कंपनी के एमडी-सीईओ संतोष अय्यर ने कहा, यूरो के मुकाबले रुपये में कमजोरी के असर को कम करने के लिए सितंबर से कारों के दाम एक से 1.5 फीसदी बढ़ाए जा सकते हैं। कंपनी इस साल जनवरी और जुलाई यानी चालू माह में भी दाम बढ़ा चुकी है। कीमत वृद्धि से बिक्री प्रभावित होने के सवाल पर अय्यर ने कहा, ब्याज दरों में कमी से कुछ हद तक भरपाई देखने को मिल सकती है।
यूरोपीय बाजारों में कदम बढ़ा रही हीरो मोटोकॉर्प
दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प वैश्विक विस्तार में तेजी ला रही है। कंपनी वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में जर्मनी, फ्रांस, स्पेन और ब्रिटेन में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी के चेयरमैन पवन मुंजाल ने यह जानकारी दी। समग्र अंतर्राष्ट्रीय बाजार विस्तार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में, हमने ग्राहक अनुभव, गुणवत्ता और पैमाने पर तीव्र ध्यान केंद्रित करके दक्षिण एशिया से लैटिन अमेरिका तक अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में 43 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हासिल की।
अब तक 579.86 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है खरीफ फसलों की बुवाई
खरीफ फसलों की बुवाई जोरों पर हैं। चालू सीजन 2025-26 में 14 जुलाई तक कुल 597.86 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुवाई हो चुकी है। यह 2024-25 के खरीफ सीजन के 560.59 लाख हेक्टेयर से 37.27 लाख हेक्टेयर अधिक है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को बुवाई के ताजा आंकड़े जारी कर बताया, चालू खरीफ सीजन में सबसे अधिक बुवाई धान की हुई है, इसका क्षेत्रफल 123.68 लाख हेक्टेयर है। 2024-25 के खरीफ सीजन में यह रकबा 111.85 लाख हेक्टेयर था। दलहन की बुवाई का रकबा 53.39 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 67.9 लाख हेक्टेयर पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक, 14 जुलाई तक श्रीअन्न की बुवाई का रकबा एक साल पहले के 99.78 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 116.30 लाख हेक्टेयर पहुंच गया। गैर-अनाज श्रेणी में तिलहन की बुवाई 137.27 लाख हेक्टेयर में हुई है। बुवाई का यह आंकड़ा एक साल पहले के 139.82 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है।