ठाणे के बैंकों में बिना दावे पड़े हैं 452 करोड़ रुपये
महाराष्ट्र के ठाणे में बैंकों के 11 लाख खातों में 452 करोड़ रुपये बिना दावे के पड़े हैं। लोगों को यह धनराशि वापस दिलाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 'अपनी लावारिस जमा राशि का दावा करें' शीर्षक से यह विशेष जागरूकता अभियान ठाणे में शुरू किया गया है और यह पहल वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के राष्ट्रव्यापी 'आपका धन, आपका अधिकार' अभियान के तहत ठाणे के अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा कार्यान्वित की जा रही है।
अग्रणी बैंक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह अभियान 1 अक्टूबर को शुरू किया गया और 31 दिसंबर तक जारी रहेगा, जिसमें ठाणे के सभी बैंक जागरूकता शिविरों और ग्राहक संपर्क अभियानों के माध्यम से भाग लेंगे।
नई दिल्ली: आरबीआई ने सोनाली सेन गुप्ता को नया कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोनाली सेन गुप्ता को 9 अक्तूबर 2025 से अपना नया कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया है। यह घोषणा आरबीआई की ओर से एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए की गई। इससे पहले सेन गुप्ता बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय में कर्नाटक के लिए क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्यरत थीं।
केंद्रीय बैंक में तीन दशकों से अधिक के कार्यकाल के दौरान वित्तीय समावेशन, मानव संसाधन प्रबंधन, बैंकिंग विनियमन और पर्यवेक्षण जैसे प्रमुख विभागों में कार्य किया है। कार्यकारी निदेशक के रूप में सेन गुप्ता अब तीन महत्वपूर्ण विभागों 'उपभोक्ता शिक्षा और संरक्षण विभाग, वित्तीय समावेशन और विकास विभाग और निरीक्षण विभाग' की देखरेख करेंगी।