कॉमस्टार
सोना कॉमस्टार के दिवंगत चेयरमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। रानी कपूर ने कंपनी के बोर्ड को पत्र लिखकर यह मांग की है। कंपनी 25 जुलाई यह एजीएम करने वाली है। पत्र के अनुसार रानी ने अपने बेटे की संदिग्ध और अचानक मौत के बीच, परिवार के लिए गहरे शोक के समय एजीएम आयोजित करने पर कड़ी आपत्ति जताई।
स्पाइसजेट पांच बोइंग 737 विमान को करेगी शामिल
स्पाइसजेट ने पांच बोइंग 737 विमानों को शामिल करने के लिए लीज समझौते को अंतिम रूप दे दिया है। ये विमान अक्टूबर में स्पाइसजेट के बेड़े में शामिल होने वाले हैं। इन विमानों को डैम्प-लीज आधार पर शामिल किया जा रहा है, जिसमें ऑपरेशनल क्रू को ऑपरेटर और एयरलाइन के बीच साझा किया जाएगा।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह अपने बेड़े को और मजबूत करने के लिए अन्य लीजदाताओं से भी उन्नत चरण की बातचीत कर रही है, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय संचालन को विस्तार दिया जा सके। कई चुनौतियों का सामना कर रही बजट एयरलाइन स्पाइसजेट वर्तमान में बोइंग 737 और क्यू-400 विमानों का संचालन करती है। हालांकि, कंपनी ने अपने मौजूदा ऑपरेशनल विमानों की संख्या का खुलासा नहीं किया।
नई दिल्ली: भारत ग्लोबल साउथ के साथ एआई मॉडल साझा करने के लिए तैयार: आईटी सचिव एस कृष्णन
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि भारत सरकार उचित क्षमता और पैमाने हासिल करने के बाद अपने एआई मॉडल को वैश्विक दक्षिण के साथ साझा करने के लिए तैयार है। फिक्की के सम्मेलन भाषांतर 2025 में बोलते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस कृष्णन ने कहा कि लोगों को सहज तरीके से संवाद करने में मदद करने के लिए भाषाओं के लिए प्रौद्योगिकी का विकास अर्थव्यवस्था में भारी मूल्यवर्धन कर सकता है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव ने भारत की यात्रा के दौरान भारत के एआई-संबंधी कार्यों की सराहना की थी। कृष्णन ने कहा, "हमारी चर्चा हुई और फिर उन्होंने कहा कि आपका मॉडल दिलचस्प लग रहा है। ऐसे समय में जब आपके पास कंप्यूटिंग और आपके पास मौजूद मॉडलों, दोनों के लिहाज से पर्याप्त क्षमता होगी, क्या आप इसे ग्लोबल साउथ के साथ साझा करने को तैयार होंगे? हमने घोषणा की है कि हम ऐसा करने के लिए तैयार हैं और हम ऐसा करेंगे भी।"