भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से 4 अप्रैल, 2025 को जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया कि, 10 रुपये और 500 रुपये मूल्य वर्ग के नए बैंक नोट जारी करने की घोषणा की गई है। ये नए नोट महात्मा गांधी (नए) सीरीज के तहत जारी किए जाएंगे और आरबीआई के वर्तमान गवर्नर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे।
चीन की जवाबी कार्रवाई के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखी गई जब चीन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगाए गए टैरिफ (आयात शुल्क) का जवाबी हमला किया। बता दें कि, डाउ जोन्स 1,600 अंकों से ज्यादा गिर गया, यानी कुल चार फीसदी की गिरावट। वहीं एसएंडपी 500 में 4.7 फीसदी की गिरावट आई। जबकि नैस्डैक, जो टेक्नोलॉजी कंपनियों का इंडेक्स है) 5.3 फीसदी टूटा।
यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा- MEA
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को कहा कि भारत को उम्मीद है कि यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा। एमईए के सचिव पश्चिम तन्मय लाल ने कहा कि यूरोपीय आयोग (ईयू) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के नेतृत्व में आयुक्तों की हालिया यात्रा के दौरान उन्होंने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी टीमों को इस वर्ष के भीतर एफटीए को अंतिम रूप देने का निर्देश देने का फैसला किया था। लाल ने कहा, बातचीत जारी है। दोनों टीमें बहुत मजबूत तरीके से प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि एफटीए को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बता दें कि उर्सुला वॉन डेर लेयेन की यात्रा इस साल फरवरी की शुरुआत में हुई थी। उस वक्त दोनों पक्ष इस वर्ष तक बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और प्रौद्योगिकी और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमत हुए थे।