एसबीआई ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 6.3 प्रतिशत लगाया है, जो वित्त वर्ष 25 के लिए आरबीआई के 6.6 प्रतिशत के अनुमान से कम है। वित्त वर्ष 25 की पहली दो तिमाहियों की औसत वृद्धि अब 6.05 प्रतिशत है। रिपोर्ट का यह पूर्वानुमान आरबीआई द्वारा अपनी नवीनतम मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के दौरान वित्त वर्ष 25 के लिए अपने वास्तविक जीडीपी विकास अनुमान को 7.2 प्रतिशत से घटाकर 6.6 प्रतिशत करने के बाद आया है, जिसमें अर्थव्यवस्था के लिए संतुलित जोखिमों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है, "हमारा मानना है कि वित्त वर्ष 25 के लिए जीडीपी वृद्धि आरबीआई के अनुमान से कम होगी और हम वित्त वर्ष 25 के लिए जीडीपी वृद्धि को 6.3 प्रतिशत पर आंक रहे हैं"।
भारतीय स्टेट बैंक ( एसबीआई ) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के मध्यम और उच्च आय वाले राज्यों में कम आय वाले राज्यों की तुलना में खाद्य मुद्रास्फीति में तेज गिरावट आई है। रिपोर्ट में पिछले दशक में भारतीय राज्यों के बीच खाद्य मुद्रास्फीति के रुझान में महत्वपूर्ण अंतर का पता चला है। रिपोर्ट के अनुसार भारतीय राज्यों में खुदरा मुद्रास्फीति धीरे-धीरे भारतीय रिजर्व बैंक के 4 प्रतिशत के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।
इंडिया सीमेंट्स अधिग्रहण पर अल्ट्राटेक को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग का नोटिस
देश की अग्रणी सीमेंट निर्माता अल्ट्राटेक सीमेंट को दक्षिण स्थित इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड के प्रस्तावित अधिग्रहण के संबंध में निष्पक्ष व्यापार नियामक सीसीआई से नोटिस मिला है। अल्ट्राटेक सीमेंट ने नियामकीय फाइलिंग में बताया है कि उसे भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से नोटिस प्राप्त हुआ है और आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी को उक्त मामले में अपने पर पूरा भरोसा है।
जयप्रकाश एसोसिएट्स की दिवालिया कार्यवाही से जुड़ी याचिका खारिज
राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय प्राधिकरण (एनसीएलएटी) ने जयप्रकाश एसोसिएट्स लि. की दिवालिया कार्यवाही को चुनौती देने वाली याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। प्राधिकरण ने कहा, सभी मुद्दों पर विचार के बाद हमारा मानना है कि एनसीएलटी के आदेश में हस्तक्षेप का आधार नहीं है।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया भी लाएगी आईपीओ
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लि. ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए सेबी के पास शुक्रवार को दस्तावेज जमा कराया है। इसके मुताबिक, प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह से प्रवर्तक एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक के 10.18 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश है।
एजीआई इन्फ्रा को बोर्ड से शेयर विभाजन की मंजूरी
एजीआई इन्फ्रा लि. की परिचालन आय दूसरी तिमाही में 9 फीसदी बढ़कर 7,756.26 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। बोर्ड ने कंपनी के शेयरों को 1:2 अनुुपात में विभाजित करने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए रिकॉर्ड तिथि की घोषणा शेयरधारकों की मंजूरी के बाद होगी।