मुनीश झाझरिया मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MCCI) के अध्यक्ष चुने गए हैं। पार्थिव नियोतिया ने इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) के अध्यक्ष का पदभार संभाला। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। नियोतिया अंबुजा नियोतिया हेल्थकेयर वेंचर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं। झाझरिया पूर्वी भारत में संपत्ति विकास और वास्तु सामग्री विनिर्माण में 20 वर्षों से अधिक अनुभवी उद्यमी हैं। केशव भजंका ICC के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ज्ञानेश चौधरी उपाध्यक्ष नामित किए गए हैं। भजंका सेंचुरी प्लाई के कार्यकारी निदेशक हैं, जबकि चौधरी विक्रम सोलर लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। नियोतिया ने कहा कि उनका प्रयास कारोबार के लिए चैंबर की भूमिका को मजबूत करना होगा। इसमें व्यापार, वृद्धि और भारतीय व वैश्विक भागीदारों के बीच सहयोग बढ़ाना शामिल है। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों को भी उचित महत्व देने की बात कही।
कैंसर की दवाएं जीएसटी के दायरे से हो सकती हैं बाहर
कैंसर की दवाएं जीएसटी के दायरे से बाहर हो सकती हैं। इस पर जीएसटी परिषद की 7 अक्तूबर को होने वाली बैठक में प्रस्ताव लाया जा सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि कैंसर की महंगी दवाएं आम लोगों को उपलब्ध हो सके, इसके लिए सरकार ने पहले भी जीएसटी से राहत दी है। आगे भी राहत देने पर विचार किया जा सकता है। यह जनहित का मामला है और सरकार इस पर गंभीरता से विचार करेगी।