कर्मचारियों से भेदभाव को लेकर अमेरिका में टीसीएस की जांच शुरू
भारत की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस ने अमेरिका में कर्मचारियों की जाति, आयु और राष्ट्रीय मूल के आधार पर उनके साथ भेदभाव किया है। यह राष्ट्रपति बाइडेन प्रशासन के दौरान शुरू होकर ट्रंप के कार्यकाल में भी जारी रहा। अमेरिकी समान रोजगार अवसर आयोग दर्जनों अमेरिकी श्रमिकों के इन आरोपों की जांच कर रहा है। जिन पूर्व कर्मचारियों ने टीसीएस पर उपरोक्त आरोप लगाया है, वे गैर दक्षिण एशियाई जातीय पृष्ठभूमि से 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं। आरोप है कि कंपनी ने उन्हें छंटनी के लिए निशाना बनाया, लेकिन भारतीय कर्मियों को नहीं छेड़ा, जिनमें से कुछ एच-1बी कुशल कर्मचारी वीजा पर काम कर रहे थे। इन सभी ने 2023 के अंत में टीसीएस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। टीसीएस प्रवक्ता ने कहा, गैरकानूनी भेदभाव करने के आरोप निराधार और भ्रामक हैं।
ब्लूस्मार्ट की सेवाएं सेबी के आदेश के बाद फिलहाल ठप
इलेक्ट्रिक कैब सेवा देने वाली कंपनी ब्लूस्मार्ट की सेवाएं दिल्ली-एनसीआर, बंगलूरू और मुंबई में काम नहीं कर रही है। बाजार नियामक सेबी ने कंपनी में धन के कथित दुरुपयोग को लेकर इसके संस्थापक पर कार्रवाई की है। जेनसोल के प्रमोटर जग्गी बंधुओं और कंपनी पर यह कार्रवाई की गई है। ब्लूस्मार्ट एप तीनों महानगरों में 8,000 से अधिक टैक्सियां उपलब्ध कराता है। बुधवार शाम को इसने बुकिंग लेना बंद कर दिया और बृहस्पतिवार को भी यह जारी रहा। रोक लगने से हजारों ड्राइवरों की रोजी-रोटी पर खतरा मंडरा रहा है। ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है। कंपनी ने ग्राहकों से कहा, हमने ब्लूस्मार्ट एप पर बुकिंग अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। जिन ग्राहकों के पैसे एप में पड़े हैं, उन्हें 90 दिनों में वापस दे दिया जाएगा।