पीएलआई योजना में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का दमदार प्रदर्शन
परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, खासकर मोबाइल फोन उत्पादन, सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर बनकर उभरा है। केयरएज रेटिंग्स के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021 से 2025 के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 146 प्रतिशत बढ़कर 2.13 लाख करोड़ रुपये से 5.45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
रिपोर्ट के अनुसार, इस बढ़ोतरी में करीब 4 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) का अहम योगदान रहा, जिसमें से लगभग 70 प्रतिशत निवेश पीएलआई योजना के लाभार्थियों को मिला। हालांकि, केयरएज ने यह भी बताया कि पीएलआई योजना के लिए घोषित कुल बजटीय प्रावधान और वास्तविक वितरण के बीच बड़ा अंतर है। 14 सेक्टरों को कवर करने वाली PLI योजना के लिए कुल 1.97 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि सितंबर 2025 तक कुल PLI भुगतान केवल 23,946 करोड़ रुपये रहा है, जो अनुमानित कुल वितरण का करीब 12 प्रतिशत है।
भारत का परिधान रिटेल बाजार तेजी से बढ़ने को तैयार
भारत का परिधान (अपैरल) रिटेल बाजार अगले पांच वर्षों में तेज विस्तार के लिए तैयार है और 2029-30 तक इसका आकार करीब 16 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। यह अनुमान केयरएज रेटिंग्स की एक रिपोर्ट में लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बढ़ती डिस्पोजेबल आय, तेज डिजिटलाइजेशन और वैल्यू फैशन व ई-कॉमर्स की मजबूत वृद्धि इस विस्तार के प्रमुख कारण होंगे।
केयरएज के अनुसार, 2024-25 में भारत के अपैरल बाजार का आकार करीब 9.30 लाख करोड़ रुपये आंका गया है। यह बाजार 2017-18 के बाद से करीब सात प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ रहा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि फिलहाल संगठित रिटेल की हिस्सेदारी कुल बाजार में लगभग 41 प्रतिशत है। हालांकि, आने वाले वर्षों में यह सेगमेंट तेज गति से बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि संगठित रिटेल 10 से 13 प्रतिशत की दर से विस्तार करेगा।
गुजरात में मारुति सुजुकी का नया प्लांट, 35000 करोड़ रुपये का निवेश
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गुजरात के खोराज में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट विकसित करेगी। इस परियोजना में कंपनी करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और यहां सालाना 10 लाख कारों के उत्पादन की क्षमता विकसित की जाएगी। इस प्लांट से लगभग 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है। गांधीनगर में आयोजित एक समारोह में गुजरात सरकार और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के बीच निवेश पत्र सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मारुति सुजुकी के प्रबंध निदेशक हिताची ताकेउची उपस्थित रहे।
राज्य सरकार के अनुसार, यह परियोजना 'मेक इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड' के लक्ष्य की दिशा में गुजरात का एक और अहम कदम है। नया प्लांट गुजरात औद्योगिक विकास निगम (GIDC) द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग 1,750 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा।
भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में स्थिर हुआ भरोसा
भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में अक्तूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान सेंटिमेंट स्थिर होता दिखा। नाइट फ्रैंक-नारेडको रियल एस्टेट सेंटिमेंट इंडेक्स के 47वें संस्करण के मुताबिक, मौजूदा और भविष्य दोनों ही दृष्टिकोण आशावादी दायरे में बने रहे। रिपोर्ट के अनुसार, करेंट सेंटिमेंट स्कोर वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में मामूली बढ़त के साथ 60 पर पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 59 था। वहीं, फ्यूचर सेंटिमेंट स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 61 पर स्थिर रहा। ये आंकड़े अगले छह महीनों के लिए संतुलित उम्मीदों का संकेत देते हैं।
इंडेक्स में सुधार के पीछे बेहतर मैक्रोइकोनॉमिक दृश्यता, महंगाई के दबाव में नरमी और स्थिर फंडिंग कंडीशंस को प्रमुख कारण बताया गया है। हालांकि, सेंटिमेंट अभी भी 2023-24 के उच्च स्तर से नीचे बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद सेक्टर में भरोसा कायम है।
कर्नाटक सरकार और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच साझेदारी
कर्नाटक सरकार और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शनिवार को बंगलूरू में एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए साझेदारी की। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि इस परियोजना पर फाउंडेशन अगले पांच वर्षों में करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में चिकित्सा शिक्षा विभाग और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत बेंगलुरु में एक हजार बिस्तरों वाला चैरिटेबल सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जिसमें ह्यूमन मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।