फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: वाहन कंपनियों के लिए कीमतें बढ़ानी होंगी मुश्किल; पहले ही घंटे में दोगुना से अधिक भरे तीन आईपीओ

Thu, 04 Dec 2025 06:59 AM IST
शिवम गर्ग बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

ऑटो निर्माताओं के लिए नए साल में कीमतों में बढ़ोतरी को जारी रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि संभावित मुनाफाखोरी-रोधी उपायों पर सरकारी निगरानी कड़ी हो रही है। साथ ही इनपुट लागत में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो रही है। इस साल की स्थिति जनवरी में होने वाली 1-3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की तुलना में कहीं ज्यादा जटिल है, जो आमतौर पर उद्योग करते हैं।

विज्ञापन


22 सितंबर, 2025 को कर कटौती के बाद कई सरकारी निकाय जीएसटी के बाद के मूल्य निर्धारण व्यवहार पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। निगरानी अब मुनाफाखोरी-रोधी महानिदेशालय के अधीन है, जो उल्लंघनों की जांच करता है। 2022 में मुनाफाखोरी-रोधी प्राधिकरण के समाप्त होने के बाद से प्रवर्तन ढांचा भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के अधीन होने के साथ कंपनियों को उम्मीद है कि जीएसटी कटौती के इरादे के अनुरूप न दिखने वाले किसी भी मूल्य निर्धारण की गहन जांच की जाएगी। इसने ऑटो कंपनियों को और भी सतर्क कर दिया है। एक प्रमुख यात्री वाहन निर्माता कंपनी के अधिकारी ने कहा, वाकई में कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, तब भी जनवरी में कीमतों में वृद्धि की बारीकी से जांच की जाएगी। इस बीच लागत का दबाव चुपचाप फिर से उभर रहा है।

मीशो सहित तीन आईपीओ पहले ही घंटे में भरे दो गुना से ज्यादा
ई-कॉमर्स मीशो सहित तीन आईपीओ बुधवार को खुलते ही पहले घंटे में भर गए। इनको दो गुना से ज्यादा का रिस्पांस मिला। एक्सचेंजों के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 5,421 करोड़ रुपये का मीशो का इश्यू 2.35 गुना भरा। खुदरा निवेशकों ने 3.85 गुना ज्यादा पैसा लगाया। एंकर निवेशकों से इसने 2,439 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसका मूल्य 105-111 रुपये तय किया गया है।
विज्ञापन


विद्या वायर्स के इश्यू को 2.89 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। 300 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में खुदरा निवेशकों ने 4.02 गुना पैसा लगाया। एंकर निवेशकों से 90 करोड़ रुपये जुटाया गया है। इसका भाव 48-52 रुपये तय किया गया है। 922 करोड़ का एक्वस का आईपीओ 3.42 गुना भरा। खुदरा निवेशकों ने 11.46 गुना ज्यादा पैसा लगाया। एंकर निवेशकों से 414 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। मूल्य 118-124 रुपये शेयर तय किया गया है। तीनों इश्यू शुक्रवार को बंद होंगे।

कम जोखिम वाले विदेशी निवेशकों के लिए नियम को आसान बनाएगा सेबी
बाजार नियामक सेबी ने सिंगल विंडो पहुंच की शुरुआत करके कम जोखिम वाले विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय प्रतिभूति बाजार में भागीदारी आसान बना दी है। इस कदम का उद्देश्य अनुपालन को सरल बनाना और निवेश गंतव्य के रूप में देश के आकर्षण को बढ़ाना है। नया ढांचा विश्वसनीय विदेशी निवेशकों के लिए एकल खिड़की स्वचालित और सामान्यीकृत पहुंच (स्वागत-एफआई) विदेशी निवेशकों को आसान निवेश पहुंच प्रदान करेगा। इससे विभिन्न निवेश मार्गों में एकीकृत पंजीकरण प्रक्रिया सक्षम होगी। ऐसी संस्थाओं के लिए बार-बार अनुपालन और दस्तावेजीकरण कम होगा।

कम जोखिम वाले विदेशी निवेशकों में सरकारी स्वामित्व वाले फंड, केंद्रीय बैंक, सॉवरेन वेल्थ फंड, बहुपक्षीय संस्थाएं, उच्च विनियमित सार्वजनिक खुदरा फंड और विनियमित बीमा कंपनियों के साथ ही पेंशन फंड शामिल हैं। इसे प्रभावी बनाने के लिए सेबी ने विदेशी निवेशकों और एफवीसीआई नियमों में संशोधन किया है। सेबी का यह नियम 1 जून, 2026 से लागू होंगे।

बीईएमएल को 157 करोड़ रुपये का ऑर्डर
डिफेंस पीएसयू बीईएमएल लिमिटेड को लोराम रेल मेंटेनेंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से 157 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। कंपनी स्विच रेल ग्राइंडिंग मशीनों का निर्माण करेगी, जो रेलवे ट्रैकों के रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बीएसई को दी जानकारी में बीईएमएल ने बताया कि यह मशीनें रेलवे ट्रैक की स्विच रेल को घिसाई और स्मूदिंग के जरिए दुरुस्त रखने में मदद करेंगी, जिससे ट्रेन संचालन और अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगा।

स्विच रेल ग्राइंडिंग मशीनें विशेष प्रकार के मेंटेनेंस वाहन होती हैं, जिनका उपयोग ट्रैक के मूवेबल स्विच हिस्सों की प्रोफाइल बहाल करने, खामियों को दूर करने और टर्नआउट, क्रॉसिंग जैसे जटिल सेक्शन की उम्र बढ़ाने के लिए किया जाता है।
विज्ञापन

एनपीसीआईएल इंटरनेशनल ने ACLEDA बैंक से की साझेदारी
एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने कैम्बोडिया के एसीएलईडीए बैंक पीएलसी के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। यह साझेदारी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को कैम्बोडिया में स्वीकार्य बनाएगी और वहीं कैम्बोडिया के राष्ट्रीय क्यूआर नेटवर्क बकांग (KHQR) को भारत में भुगतान के लिए सक्षम करेगी।

एनपीसीआई की ओर से जारी बयान के अनुसार, ACLEDA बैंक को कैम्बोडिया के नेशनल बैंक द्वारा बाकोंग नेटवर्क का ऑपरेटर नियुक्त किया गया है। अब बैंक एनआईपीएल के साथ मिलकर कैम्बोडिया में यूपीआई स्वीकार्यता और भारत में KHQR की स्वीकार्यता सुनिश्चित करेगा।

इस साझेदारी से भारत और कैम्बोडिया के यात्रियों को पर्यटन स्थलों, रेस्टोरेंट, रिटेल स्टोर्स और अन्य खरीदारी स्थानों पर क्यूआर-आधारित भुगतान करने में आसानी होगी। भारतीय पर्यटक कैम्बोडिया में 4.5 मिलियन से अधिक KHQR मर्चेंट टच पॉइंट्स पर यूपीआई समर्थित ऐप से भुगतान कर सकेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें