फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: सर्दियों में हर हफ्ते संचालित होंगी 26,495 फ्लाइटें; नए शेड्यूल में 126 हवाईअड्डों को जोड़ा गया

Sat, 25 Oct 2025 07:25 AM IST
ज्योति भास्कर बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
बिजनेस अपडेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देश में विमानन कंपनियां इस साल 26 अक्तूबर से शुरू हो रहे शीतकालीन कार्यक्रम में हर सप्ताह 26,495 उड़ानें संचालित करेंगी, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक है। यह शीतकालीन शेड्यूल 26 अक्तूबर से शुरू होकर 28 मार्च 2026 तक लागू रहेगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इन उड़ानों से 126 हवाईअड्डों को जोड़ा जाएगा। पिछले ग्रीष्मकालीन शेड्यूल-25 में 129 हवाई अड्डों से 25,610 उड़ानें संचालित हो रही थीं। अमरावती, हिसार, पूर्णिया और रुपसी नए हवाई अड्डों के रूप में शामिल किए हैं।

विज्ञापन


IMF का अनुमान- इस साल 6.6 फीसदी की दर से बढ़ेगी भारत की अर्थव्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का पूर्वानुमान है कि भारत की अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2025-26 में 6.6% की दर से बढ़ेगी। विश्व आर्थिक परिदृश्य (डब्ल्यूईओ) की रिपोर्ट के अनुसार IMF ने कहा है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ते 'उभरते बाजार और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं' में से एक बना रहेगा। पहली तिमाही में मजबूत आर्थिक प्रदर्शन के कारण भारत की स्थिति बेहतर हुई है। भारतीय वस्तुओं पर बढ़े हुए अमेरिकी टैरिफ का असर भी काफी हद तक संतुलित हो गया है। आईएमएफ का अनुमान है कि भारत चीन से आगे निकलने वाला है। चीन का विकास दर 4.8% रहने का अनुमान है। हालांकि, आईएमएफ ने पहली तिमाही की गति मंद पड़ने का हवाला देते हुए 2026 के लिए अपने अनुमान को घटाकर 6.2% कर दिया है। टैरिफ का कम असर होने का उल्लेख करते हुए आईएमएफ ने 2025 में वैश्विक विकास दर 3.2% रहने का अनुमान लगाया है।

कमजोर मांग से निजी क्षेत्र की वृद्धि दर घटकर पांच महीने में सबसे कम
कमजोर मांग और उत्पादन की बढ़ती कीमतों के कारण निजी क्षेत्र की वृद्धि दर अक्तूबर में घटकर पांच महीने के निचले स्तर पर आ गई। एचएसबीसी का फ्लैश इंडिया कंपोजिट खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अक्तूबर में गिरकर 59.9 पर आ गया। सितंबर में यह 61.0 पर था। हालांकि, मई के बाद से सबसे निचले स्तर पर पहुंचने के बावजूद वृद्धि दर मजबूत रही। मौसमी रूप से समायोजित सूचकांक विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के संयुक्त उत्पादन में मासिक आधार पर बदलाव को मापता है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्तूबर में वृद्धि दर में गिरावट मुख्य रूप से सेवाओं की वृद्धि में मंदी के कारण रही। विनिर्माण गतिविधि सितंबर में चार महीने के निचले स्तर से उबर गई। विनिर्माण पीएमआई सितंबर के 57.7 से बढ़कर 58.4 हो गया। सेवा व्यवसाय गतिविधि सूचकांक 60.9 से घटकर 58.8 हो गया। नए ऑर्डर सूचकांक में मजबूती से वृद्धि हुई। हालांकि, मई के बाद से यह सबसे कम गति पर था। विनिर्माण निर्यात में धीमी वृद्धि के कारण वस्तुओं-सेवाओं की वैश्विक मांग सात महीनों में सबसे कम रही।

सेबी की सख्ती: आईपीओ से पहले कंपनियों में निवेश नहीं कर पाएंगी म्यूचुअल फंड योजनाएं
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने म्यूचुअल फंड कंपनियों को आईपीओ से पहले भाग लेने से रोक दिया है। फंड हाउस केवल एंकर निवेशक हिस्से या आईपीओ के दौरान ही निवेश कर सकेंगे। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) को लिखे पत्र में सेबी ने कहा, म्यूचुअल फंड योजनाओं का निवेश केवल उन प्रतिभूतियों में किया जाना चाहिए जो सूचीबद्ध हैं या सूचीबद्ध होने वाली हैं। नियामक ने चेतावनी दी कि इस तरह की भागीदारी की मंजूरी देने से आईपीओ में देरी या रद्द होने पर म्यूचुअल फंड गैर सूचीबद्ध शेयरों को धारण कर सकते हैं जो नियामक मानदंडों का उल्लंघन होगा। इसके पीछे नियामक की चिंता तरलता को लेकर लगती है। लेकिन प्रबंधकों का तर्क है कि तरलता के लिए तनाव परीक्षण के रूप में पहले से मौजूद खुलासा मानदंडों के जरिये इस पर नियंत्रण रखा जा सकता है। विश्लेषकों के मुताबिक, योजनाओं को आईपीओ से पहले निवेश की अनुमति देना जोखिमभरा हो सकता है। अगर एक फंड मैनेजर ऐसे प्रमोटर पर भरोसा कर निवेश करता है, जो लिस्टिंग का वादा करता है, लेकिन बाद में ऐसा नहीं होता तो योजना में उन गैर-सूचीबद्ध शेयरों के साथ कैसा व्यवहार किया जाएगा? उद्योग सूत्रों का तर्क है कि इससे उन्हें एक आकर्षक अवसर से वंचित होना पड़ता है, जिसका उपयोग खुदरा निवेशकों के लिए लोकप्रिय निवेश विकल्प के रूप में किया जा सकता है।

कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफे में आई तीन प्रतिशत की गिरावट 
कोटक महिंद्रा बैंक के दूसरी तिमाही का मुनाफा में तीन प्रतिशत की गिरावट आई है। बैंक ने बताया कि 30 सितंबर, 2025 को समाप्त दूसरी तिमाही में उसका एकल लाभ घटकर 3,253 कोरड़ रुपये रह गया। कंपनी ने पिछले वर्ष इसी तिमाही में 3,344 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। 

बैंक ने नियामकीय फाइलिंग में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 16,239 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 15,900 करोड़ रुपये थी। तिमाही के दौरान बैंक ने 13,649 करोड़ रुपये की ब्याज आय अर्जित की, जबकि एक वर्ष पूर्व इसी अवधि में यह 13,216 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) पिछले वर्ष की दूसरी तिमाही के 7,020 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,311 करोड़ रुपये हो गई, जो 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। हालांकि, शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) घटकर 4.54 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अंत में 4.91 प्रतिशत था।

सीबीआईसी ने 31 कस्टम ड्यूटी नोटिफिकेशन को किया विलय
व्यापार को और सुगम बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने 31 कस्टम ड्यूटी नोटिफिकेशनों को एक एकीकृत अधिसूचना में विलय कर दिया है। यह व्यवस्था 1 नवंबर, 2025 से प्रभावी होगी।

सीबीआईसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, सीबीआईसी ने एक और व्यापार सुविधा उपाय शुरू किया है! 31 सीमा शुल्क अधिसूचनाओं को एक समेकित अधिसूचना में विलय कर दिया गया है। बोर्ड ने इस कदम को प्रक्रियाओं को सरल बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और व्यापार करने में आसानी सुनिश्चित करने की दिशा में अहम उपाय बताया।

NCC को झारखंड में कोयला उत्खनन का बड़ा ठेका मिला
एनसीसी लिमिटेड को कोल इंडिया की सहायक कंपनी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) से ₹6,828.94 करोड़ का बड़ा ठेका मिला है। कंपनी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। नियामकीय फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि उसे 24 अक्तूबर को CCL से लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस प्राप्त हुआ है। यह ठेका झारखंड के चंद्रगुप्त क्षेत्र स्थित अमरपाली ओपन-कास्ट परियोजना में कोयला और ओवरबर्डन के उत्खनन व परिवहन के लिए दिया गया है। कंपनी ने कहा कि इस परियोजना के तहत ओवरबर्डन हटाने और कोयले के परिवहन का काम निर्दिष्ट समयसीमा और शर्तों के अनुसार पूरा किया जाएगा। यह ऑर्डर NCC के खनन कारोबार पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हटाया कबाड़, 31,353 वर्ग फुट दफ्तर की जगह खाली
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि विशेष अभियान फॉर डिस्पोजल ऑफ पेंडिंग मैटर्स (SCDPM) 5.0 के तहत कबाड़ और बेकार फाइलें हटाकर लगभग 31,353 वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र को खाली कराया गया है।

मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, कबाड़ निस्तारण से कुल 81,66,756 रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ है। अक्तूबर 2 से शुरू हुआ यह अभियान 31 अक्तूबर तक जारी रहेगा। इस अवधि में मंत्रालय ने कुल 4,988 भौतिक फाइलों को समाप्त कर दिया है। मंत्रालय के अनुसार, स्क्रैप और ई-वेस्ट हटाने से कार्यालयों में कार्यस्थल को अधिक सुव्यवस्थित और उपयोगी बनाने में मदद मिली है।
विज्ञापन

डीजीसीए विमान में पावर बैंक में आग लगने की घटना की समीक्षा करेगा

विमानन नियामक डीजीसीए पिछले सप्ताह एक घरेलू उड़ान में पावर बैंक में आग लगने की घटना की जांच करेगा। नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने शनिवार को यह जानकारी दी। 19 अक्तूबर को दिल्ली हवाई अड्डे पर टैक्सी करते समय दीमापुर जाने वाले इंडिगो विमान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई और केबिन क्रू द्वारा आग बुझा दी गई। नायडू ने कहा कि डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) घटना की समीक्षा करेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें