केंद्र को एक लीटर पेट्रोल पर मिलेगा 21.9 रुपये टैक्स
उत्पाद शुल्क में दो रुपये की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पर केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए करों का कुल भार 19.9 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 21.9 रुपये हो गया है। इसमें 1.40 रुपये प्रति लीटर आधार उत्पाद शुल्क, 13 रुपये विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क, 2.50 रुपये कृषि उपकर और 5 रुपये सड़क और बुनियादी ढांचा उपकर भी शामिल है। इसी तरह, डीजल पर कुल कर 15.80 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 17.80 रुपये हो गया है।
दो साल में 9 बार बढ़ाया गया था उत्पाद शुल्क
नवंबर, 2014 से जनवरी, 2016 के बीच कच्चे तेल की कीमतें गिरने से कंपनियों को होने वाले लाभ को कम करने के लिए पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में नौ बार बढ़ोतरी की गई थी। इस दौरान पेट्रोल पर 11.77 रुपये और डीजल पर 13.47 रुपये प्रति लीटर शुल्क बढ़ाया गया। इससे सरकार का उत्पाद शुल्क संग्रह 2014-15 के 99,000 करोड़ से दोगुना होकर 2016-17 में 2,42,000 करोड़ हो गया।
सेबी ने आधिकारिक एक्स अकाउंट लॉन्च किया
बाजार नियामक सेबी ने मंगलवार को अपना आधिकारिक एक्स अकाउंट- @SEBI_updates लॉन्च करने की घोषणा की। नियामक इस हैंडल पर सेबी विनियमों, आदेशों, परिपत्रों और प्रेस विज्ञप्तियों से जुड़ी अधिसूचनाएं पोस्ट करेगा। ये सभी अपडेट्स नियामक की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होंगे। नियामक ने एक बयान में कहा, "सेबी से विभिन्न अपडेट तक त्वरित पहुंच के लिए निवेशक, कॉरपोरेट, मध्यस्थ और अन्य हितधारक @SEBI_updates का अनुसरण कर सकते हैं।" उन्होंने बताया कि नया हैंडल आधिकारिक तौर पर 4 अप्रैल को लॉन्च किया गया।