सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड (बीपीएसएल) के परिसमापन पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया। जेएसडब्ल्यू स्टील की ओर से परिसमापन की कार्यवाही को “स्थगित” रखने की याचिका दायर की गई थी । जेएसडब्ल्यू ने तर्क दिया है कि परिसमापन शुरू करना कंपनी के लिए 'घातक' होगा और ऋणदाताओं और श्रमिकों सहित अन्य हितधारकों पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
आरबीआई 28 मई को 19000 करोड़ रुपये के ट्रेजरी बिलों की करेगा नीलामी
भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई ) ने 19,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए भारत सरकार के ट्रेजरी बिलों (टी-बिल्स) की नीलामी की घोषणा की है। केंद्रीय बैंक ने 23 मई को जारी एक बयान में कहा कि सरकार अपने तत्कालिक वित्तपोषण और तरलता से जुड़ी आवश्यकताओं के प्रबंधन के लिए इन अल्पकालिक ऋण के साधनों का उपयोग करती है। नीलामी में तीन अवधियों के टी-बिल्स शामिल होंगे। ये होंगे 91-दिन, 182-दिन और 364-दिन के। कुल अधिसूचित राशि इन इन्ही टी-बिल की परिपक्वता के आधार पर जुटाई जाएगी। इन टी-बिल्स की के लिए 28 मई की तारीख निर्धारित की गई है। इनका निपटान अगले दिन 29 मई किया जाएगा। आरबीआई ने सलाह दी है कि नीलामी के लिए बोलियां इलेक्ट्रॉनिक रूप से उसके कोर बैंकिंग समाधान (ई-कुबेर) प्रणाली में लगाई जानी चाहिए । नीलामी के परिणाम नीलामी के दिन घोषित किए जाएंगे। सफल बोलीदाताओं को 29 मई को भुगतान करना होगा। यह ताजा घोषणा इस वर्ष 23 मई को आरबीआई की ओर से आयोजित सरकारी प्रतिभूतियों (जी-सेक) की सफल नीलामी के बाद की गई है। इसमें 27,000 करोड़ रुपये की कुल अधिसूचित राशि वाले बांड दो चरणों में पूर्ण रूप से सब्सक्राइब किया गया था। जो भारतीय सॉवरेन ऋण साधनों में निवेशकों की मजबूत रुचि को दर्शाता है ।
11 दवाओं के लिए केंद्र लाई पीएलआई योजना
केंद्र सरकार के फार्मास्यूटिकल्स विभाग ने देश में 11 महत्वपूर्ण दवाओं के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना शुरू की है। इससे विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और फार्मा उत्पादों की आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने में मदद मिलेगी। पीएलआई योजना के तहत जिन 11 उत्पादों को प्राथमिकता दी गई है, उनमें नियोमाइसिन, जेंटामाइसिन, एरिथ्रोमाइसिन, स्ट्रेप्टोमाइसिन, टेट्रासाइक्लिन, सिप्रोफ्लोक्सासिन और डिक्लोफेनाक सोडियम शामिल हैं। ये उत्पाद भारत आंशिक रूप से निर्मित हो रहे हैं या इनकी उत्पादन क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं हुई है। फार्मा कंपनियों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए 14 जून तक आवेदन करना है। आवेदन करते समय कुछ मानदंडों का पालन करना आवश्यक होगा। पूर्व में मंजूरी मिलने पर वापस लेने वाले या रद्द किए गए आवेदक पात्र नहीं होंगे।
इस सप्ताह आएंगे चार कंपनियों के आईपीओ
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच इस सप्ताह चार कंपनियों के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) आने वाले हैं। इनमें लीला पैलेस होटल्स एंड रिजॉर्ट्स की परिचालक श्लॉस बंगलूरू लि. और एजिस वोपैक टर्मिनल्स की सार्वजनिक शेयर बिक्री शामिल हैं। इन आईपीओ से सामूहिक रूप से 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटने की उम्मीद है। सप्ताह के दौरान जिन दो अन्य कंपनियों के आईपीओ आने हैं, उनमें प्रोस्टार्म इन्फो सिस्टम्स और स्कोडा ट्यूब्स शामिल हैं। इसके अलावा, 28 मई को बोराना वीव्स और 29 मई को बेलराइज इंडस्ट्रीज के शेयर सूचीबद्ध होंगे। 2025 में आईपीओ बाजार सुस्त रहा है। अभी तक सिर्फ 12 कंपनियां शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हुई हैं। 2024 में कंपनियों ने 91 आईपीओ के जरिये सामूहिक रूप से 1.6 लाख करोड़ रुपये जुटाए थे।
पावरग्रिड ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही और वार्षिक वित्तीय परिणाम किए जारी
भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली ‘महारत्न’ कंपनी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) ने वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 25 की समाप्ति अवधि के लिए वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही के लिए स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी ने 4,336 करोड़ रुपये का पीएटी और 12,482 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की है। यह क्रमश पांच फीसदी और दो फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज करती है। समेकित आधार पर कंपनी ने 4,143 करोड़ रुपये का पीएटी और 12,591 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की है। वित्त वर्ष 25 के लिए, स्टैंडअलोन आधार पर, कंपनी ने क्रमश: 15,354 करोड़ रुपये और 46,325 करोड़ रुपये का पीएटी (बंद परिचालन सहित) और कुल आय दर्ज की। समेकित आधार पर, कंपनी ने क्रमश 15,521 करोड़ रुपये और 47,459 करोड़ रुपये का पीएटी और कुल आय दर्ज की।
पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में दर्ज की ऐतिहासिक उपलब्धियां
पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने इस वित्तीय वर्ष में 934 टीबीटीयू का समग्र वॉल्यूम थ्रूपुट हासिल किया। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में अब तक का सर्वाधिक है। वित्तीय रूप से भी कंपनी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 5,275 करोड़ रुपये का कर पूर्व लाभ (पीबीटी) और 3,926 करोड़ रुपये का कर के बाद लाभ (पीएटी) दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 11 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है। यह पहली बार है जब किसी वित्तीय वर्ष में कंपनी का पीबीटी 5,000 करोड़ रुपये से अधिक रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में कंपनी ने 1,446 करोड़ रुपये का पीबीटी और 1,070 करोड़ रुपये का पीएटी अर्जित किया। यह किसी भी चौथी तिमाही में अब तक का सबसे अधिक है।
रईसी लिमिटेड ने बॉन्ड के प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए सफलतापूर्वक 5,635 करोड़ जुटाए
महारत्न सीपीएसयू और विद्युत मंत्रालय आरईसी लिमिटेड के तहत प्रमुख एनबीएफसी ने बॉन्ड के निजी प्लेसमेंट के माध्यम से सफलतापूर्वक 5,635 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस पेशकश में 6.52 फीसदी प्रति वर्ष के कूपन पर 2 साल 8 महीने के बॉन्ड के माध्यम से 3,000 करोड़ रुपये और 6.81 प्रति फीसदी वर्ष के कूपन पर दस साल 11 महीने के बॉन्ड के माध्यम से 2,635 रुपये करोड़ शामिल हैं। बॉन्ड जारी करने में बाजार सहभागियों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखी गई। यह कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति और विकास संभावनाओं में निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है। बॉन्ड को प्रमुख क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों केयर रेटिंग्स, आईसीआरए, और इंडिया रेटिंग एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड (आईआरआरपीएल) की ओर से ए रेटिंग दी गई है।
निवेश के लिए बॉन्ड भरोसेमंद विकल्प: विशेषज्ञ
नई दिल्ली। विशेषज्ञों का कहना है कि शेयर बाजार में अस्थिरता के बीच बॉन्ड भरोसेमंद निवेश विकल्प के रूप में उभरा है। जोखिम लेने से बचने वाले और निश्चित आय चाहने वाले लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह स्थिर आय की गारंटी देता है। आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस के उपाध्यक्ष श्रीशा आचार्य ने कहा, पिछले तीन माह में निफ्टी-50 में 5.4 फीसदी गिरावट आई है। वहीं, सरकारी प्रतिभूतियां सालाना 6.2 से 6.8 फीसदी रिटर्न दे रही हैं।
एनबीसीसी और पीएफसी ने समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर
एनबीसीसी और पीएफसी ने नई दिल्ली स्थित नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के टावर-एच में अपने नव अधिग्रहीत कार्यालय स्थल के इंटीरियर और फिट-आउट कार्यों के निष्पादन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। पीएफसी ने एनबीसीसी की ओर से विकसित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परिसर में टावर-एच की सभी मंजिलों (जी+9) में कुल 2,70,758 वर्ग फुट का कारपेट एरिया खरीदा है। इस सहयोग के भाग के रूप में एनबीसीसी, पीएफसी के कार्यालय स्थल के संपूर्ण इंटीरियर फिट-आउट का कार्य, 161.55 करोड़ रुपये की अनुमानित परियोजना लागत के साथ करेगा। एनबीसीसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक केपी महादेवास्वामी, पीएफसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक परमिंदर चोपड़ा एनबीसीसी और दोनों संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड मुख्य महाप्रबंधक (इंजी.) आरपी सिंह, पीएफसी प्रबंधक (आरडीएसएस) अतुल चौरसिया ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
AWS को भुगतान न करने के कारण बायजू लर्निंग एप गूगल प्लेस्टोर से हटाया गया
संकटग्रस्त एडटेक कंपनी बायजूस लर्निंग ऐप को उसके विक्रेता अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) को बकाया भुगतान नहीं करने के कारण गूगल प्लेस्टोर से हटा दिया गया है। जबकि बायजू ब्रांड के तहत संचालित थिंक एंड लर्न के कुछ अन्य ऐप्स गूगल प्लेस्टोर पर कार्यशील बने हुए हैं। एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "बायजू लर्निंग ऐप को प्लेस्टोर से हटा दिया गया है, क्योंकि उसने ऐप को सहायता प्रदान करने वाली अमेजन वेब सर्विसेज को भुगतान नहीं किया है। बायजू का कारोबार अब एक दिवाला समाधान पेशेवर द्वारा प्रबंधित किया जा रहा है, जिसे भुगतान संबंधी सभी मुद्दों का भी प्रबंधन करना है।" थिंक एंड लर्न के इन्सॉल्वेंसी रेज़ोल्यूशन प्रोफेशनल (आईआरपी) शैलेन्द्र अजमेरा को भेजी गई ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।