दवा कंपनी सिप्ला को आयकर विभाग से 773.44 करोड़ का नोटिस मिला है। यह मांग आकलन वर्ष 2015-16 से 2022-23 के लिए है। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया, आयकर प्राधिकरण ने 12 जुलाई, 2024 के आदेश में कर निर्धारण और पुनर्मूल्यांकन के तहत विभिन्न खर्चों की अस्वीकृतियों के कारण अतिरिक्त कर मांग की है। 773.44 करोड़ रुपये की मांग में उक्त किसी भी आकलन वर्ष का कोई रिफंड शामिल नहीं है। एजेंसी
रत्न-आभूषण निर्यात 13.44 फीसदी घटा
विदेशी बाजारों में कमजोर मांग के बीच जून में भारत से रत्न व आभूषण का निर्यात सालाना आधार पर 13.44 फीसदी घटकर 15,939.77 करोड़ रुपये रह गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद ने कहा, तराशे और पॉलिश हीरों के निर्यात में भी 25.17 फीसदी गिरावट रही।
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या बढ़कर 1.32 करोड़
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या जून में 5.76 फीसदी बढ़कर 1.32 करोड़ पर पहुंच गई है। एक साल पहले इसी महीने में यह 1.24 करोड़ थी। डीजीसीए के मुताबिक, इंडिगो से सबसे अधिक 80.86 लाख लोगों ने यात्रा की है। एअर इंडिया से 17.47 लाख और विस्तारा से 12.84 लाख ने यात्रा की।
मोतीलाल ओसवाल ने जोमैटो में हिस्सेदारी बेची
मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने मंगलवार को ऑनलाइन आपूर्ति करने वाली कंपनी जोमैटो में अपनी हिस्सेदारी खुले बाजार में लेनदेन के जरिये 646 करोड़ रुपये में बेच दी। एनएसई के मुताबिक, फंड ने जोमैटो में 2.84 करोड़ से ज्यादा शेयर यानी 0.3 फीसदी हिस्सेदारी बेची है।
मनीला (फिलिपींस): एडीबी ने FY25 के लिए भारत का वृद्धि दर अनुमान 7% पर बरकरार रखा
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर का अनुमान सात प्रतिशत पर बरकरार रखा है। साथ ही कहा कि सामान्य से बेहतर मानसून अनुमानों को देखते हुए कृषि क्षेत्र में सुधार की उम्मीद है।
एडीबी का यह पूर्वानुमान ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत के लिए अपने सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर के अनुमान को संशोधित कर सात प्रतिशत कर दिया है। आईएमएफ ने अप्रैल में इसके 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पिछले महीने अपने वृद्धि अनुमान को सात प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया था।
एशियाई विकास परिदृश्य (एडीओ) के जुलाई संस्करण के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2024-25 (31 मार्च 2025 को समाप्त) में सात प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। वित्त वर्ष 2025-26 में 7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने की राह पर है, जैसा कि एडीओ अप्रैल 2024 में अनुमान लगाया गया है।