भुवनेश कुमार ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया है। बुधवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। कुमार इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव भी बने रहेंगे।
उन्होंने अमित अग्रवाल का स्थान लिया है जिन्हें नया फार्मा सचिव नियुक्त किया गया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, "भुवनेश कुमार ने बुधवार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार ग्रहण किया।" कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
बयान में कहा गया है, "राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र से स्नातक और स्वर्ण पदक विजेता, उन्होंने केंद्र और अपने कैडर राज्य दोनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।" इससे पहले, उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर भी कार्य किया था।
उत्तर प्रदेश में उन्होंने पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन विभाग में प्रधान सचिव के रूप में कार्य किया। इससे पहले, वह उत्तर प्रदेश सरकार में सचिव वित्त, सचिव एमएसएमई, सचिव तकनीकी शिक्षा और भूमि राजस्व विभाग के मंडल आयुक्त रह चुके हैं।
एअर इंडिया ने चुनिंदा उड़ानों में शुरू की वाई-फाई सुविधा
एअर इंडिया ने अपने वाइडबॉडी एयरबस ए350 और बोइंग 787-9 बेड़े के साथ-साथ चुनिंदा एयरबस ए321नियो विमानों पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में वाई-फाई इंटरनेट कनेक्टिविटी सेवाएं शुरू कीं। एअर इंडिया भारत के भीतर उड़ानों पर ऐसी सेवाएं देने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। यह सेवा 10,000 फीट की ऊंचाई पर वाई-फाई-सक्षम डिवाइस जैसे लैपटॉप, टैबलेट और आईओएस या एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम वाले स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को एक साथ कई डिवाइस कनेक्ट करने की अनुमति देगा। विमानन कंपनी ने कहा कि घरेलू उड़ानों में शुरुआती अवधि के लिए वाई-फाई मुफ्त है। आने वाले समय में बेड़े के अन्य विमानों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी।