9% तक रहेगी एफएमसीजी क्षेत्र की वृद्धि दर
ग्रामीण मांग में सुधार से चालू वित्त वर्ष के दौरान एफएमसीजी क्षेत्र में वृद्धि की रफ्तार 7-9 फीसदी रह सकती है। क्रिसिल रेटिंग्स ने बुधवार को एक रिपोर्ट में कहा कि कुल बाजार में 65 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाली शहरी मांग स्थिर है। एफएमसीजी क्षेत्र में अधिक मांग ग्रामीण इलाकों से आ रही है, जिसका कुल मांग में 35-40 फीसदी का योगदान है।
कारोबार बढ़ाने के लिए अमेरिका समेत 12 देशों की पहचान
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कारोबार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है। इसके तहत अमेरिका और ब्रिटेन सहित 12 देशों की पहचान की गई है। एक अधिकारी ने बताया, योजना के तहत प्राथमिकता वाले देशों में अमेरिका, ब्राजील, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, ब्रिटेन, जर्मनी, स्वीडन, जापान, ताइवान, दक्षिण कोरिया और रूस के लिए योजना बनाई गई है।
बाजार पूंजीकरण रिकॉर्ड 299.90 लाख करोड़
सेंसेक्स में बुधवार को मामूली गिरावट के बावजूद बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 299.90 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। बाजार पूंजी 300 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक स्तर छूने से सिर्फ 9,949.27 करोड़ कम है।
एचडीएफसी बैंक का कर्ज आकार 22.4 लाख करोड़
एचडीएफसी लि. के विलय के बाद एचडीएफसी बैंक का कर्ज आकार अप्रैल-जून में 22.45 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल दोनों की कुल उधारी 19.85 लाख करोड़ थी। जून तिमाही में अकेले बैंक का कर्ज 15.8 फीसदी बढ़कर 16.15 लाख करोड़ रहा।
मारुति ने पेश की 28.4 लाख की एमपीवी
मारुति ने मल्टी पर्पज व्हीकल (एमपीवी) इनविक्टो को पेश किया है। इसकी कीमत 24.8 लाख से लेकर 28.4 लाख रुपये तक है। यह सात और आठ सीट वाली है। एसयूवी में कंपनी की हिस्सेदारी 20% है। इसकी माइलेज 23.24 किलोमीटर प्रति लीटर है।
अमेरिकी स्टार्टअप क्वाली वायरलेस भारत में लगाएगा निर्माण इकाई
अमेरिकी स्टार्टअप क्वाली वायरलेस ने भारत में निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 1 करोड़ डॉलर का निवेश हासिल किया है। 5जी ऑटोमोटिव तकनीक पर काम करने वाले स्टार्टअप के सहसंस्थापकों में भारतीय मूल के अजीत थॉमस, तरुण थॉमस और अखिल ए जीब शामिल हैं। 2017 में स्थापित कंपनी 4जी व 5जी पर आधारित एकीकृत ईसिम सेल्युलर मॉड्यूल बनाती है।