मोदी सरकार ने अंतरिम बजट संसद में पेश कर दिया है। जिसमें पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि घेरलू पर्यटन को बढ़ाने के लिए लक्षद्वीप सहित हमारे द्वीप समूहों के विकास पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप और अन्य द्वीप समूहों में यातायात सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतरिम बजट आज संसद में पेश किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई परियोजनाओं का जिक्र किया है। बजट भाषण में रेलवे से लेकर पर्यटन को बढ़ावा देने तक पर जोर दिया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि घेरलू पर्यटन के प्रति लोगों के बढ़ते उत्साह पर खरा उतरने के लिए लक्षद्वीप सहित हमारे द्वीप समूहों के विकास पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप और अन्य द्वीप समूहों में यातायात सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। पर्यटन अवसंरचना, पत्तन संपर्क और सुख-सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई परियोजनाओं की शुरूआत की जाएंगी। जिससे न केवल पर्यटन में बढ़ोतरी होगी बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा।
विज्ञापन
भारत में पर्यटन का दायरा बहुत बढ़ा- सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि जी20 बैठकों के दौरान दुनियाभर के लोगों ने भारत की विविधता को बेहद करीब से देखा है। हमारा देश पर्यटन के लिए एक बड़ा स्थान बनकर सामने उभरा है। साथ ही कहा कि मध्यम वर्ग भी अब पर्यटन के लिए जाने लगा है। वे अब नए-नए स्थानों के बारे में जानने की रूचि करता है। पर्यटन का दायरा बहुत बढ़ा है। पर्यटन को सुदृढ़ करने के लिए विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत को पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जाएगी। साथ ही पर्यटन केन्द्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता के आधार पर रेटिंग देने के लिए फ्रेमवर्क बनाया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यकलापों का वित्तपोषण करने के लिए राज्यों को मैचिंग आधार पर ब्याज मुक्त दीर्घावधि ऋण दिया जाएगा।
मालदीव विवाद के बीच घेरलू द्वीप समूहों के विकास पर जोर
बता दें हाल ही में लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया था। पीएम मोदी का घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की बात पड़ोसी द्वीप देश मालदीव को रास नहीं आई। पीएम मोदी के पोस्ट पर मालदीव के मंत्रियों ने आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी, जिसके बाद भारत और मालदीव के संबंधों में खटास पैदा हुई थी। हालांकि मालदीव के मंत्रियों ने अपनी टिप्पणियों को सोशल मीडिया से पोस्ट हटा दिया था। अंतरिम बजट में लक्षद्वीप और द्वीप समूहों में पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।