भारत संचार निगम लिमिटेड ने अपने ग्राहकों को जोर का झटका धीरे से दे दिया है। कंपनी ने लैंडलाइन से लैंडलाइन लोकल कॉल की दर को जहां महंगा कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ पल्स रेट को भी घटा दिया गया है।
बीएसएनएल के इस कदम से लैंडलाइन उपभोक्ताओं में काफी रोष है क्योंकि इससे उनका मासिक बिल काफी बढ़ जाएगा। अब बीएसएनएल का कॉल रेट प्राइवेट कंपनियों के बराबर हो जाएगा।
ये हो जाएगी नई कॉल और पल्स रेट
बीएसएनएल ने समान नेटवर्क पर लैंडलाइन से लैंडलाइन स्थानीय कॉल की अवधि एक मिनट घटा दी है और साथ ही शुल्क में 20 प्रतिशत की वृद्धि की है।बीएसएनएल के प्रवक्ता ने कहा, 'बीएसएनएल लैंडलाइन से बीएसएनएल लैंडलाइन पर समय यानी पल्स को तीन से घटाकर दो मिनट कर दिया गया है।'
इसके अलावा बीएसएनएल के नेटवर्क में प्रति एमसीयू (मीटर्ड कॉल्ड यूनिट) को 20 प्रतिशत बढ़ाकर एक रुपये से 1.20 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रति यूनिट शुल्क और कॉल की अवधि में कमी उपभोक्ताओं को सूचित किए बिना की गई है। इस बदलाव की जानकारी उन्हें जनवरी, 2017 के बिलों में मिलेगी।