जून तिमाही में इनरवियर सेल्स ग्रोथ में भारी गिरावट आई है। चार शीर्ष इनरवियर कंपनियों के तिमाही नतीजे पिछले 10 सालों में सबसे कमजोर रहे हैं। दरअसल, यूएस फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन ने 'मेन्स अंडरवियर इंडेक्स' नाम से एक अनौपचारिक सूचकांक तैयार किया है। इसके मुताबिक पुरुषों के अंडरवियर की बिक्री में गिरावट अर्थव्यवस्था की खराब हालत को दर्शाता है।
इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार, यह भी कहा गया है कि इनरवियर सेल्स इस बात का संकेत हो सकता है कि भारतीय उपभोक्ता विवेकाधीन खर्च के लिए बजट बढ़ाने में संघर्ष कर रहे हैं। बता दें कि 49 साल पहले साल 1970 के दशक में इस इंडेक्स को एलन ग्रीनस्पैन ने ईजाद किया था।
इंडेक्स के मुताबिक, पुरुषों के अंडरगारमेंट्स की बिक्री में आने वाली गिरावट देश की खराब अर्थव्यवस्था का संकेत देता है, जबकि इनरवियर की बिक्री बढ़ने पर अर्थव्यवस्था रफ्तार पकड़ते हुए आगे बढ़ती है।
चार शीर्ष कंपनियों की घटी बिक्री
जॉकी के अंडरगारमेंट्स बेचने वाली कंपनी पेज इंडस्ट्रीज की बिक्री महज दो फीसदी ही बढ़ी है। साल 2008 के बाद से यह कंपनी का सबसे धीमी गति से हुआ विस्तार है। वहीं डॉलर इंडस्ट्रीज और वीआईपी में क्रमशः चार फीसदी और 20 फीसदी की गिरावट दिखी। इतना ही नहीं, लक्स इंडस्ट्रीज की सेल्स में भी कमी दर्ज की गई।