फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: स्पैम कॉल- दूरसंचार कंपनियों पर 150 करोड़ का जुर्माना; 2026 में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की उम्मीद

Tue, 06 Jan 2026 07:50 AM IST
पवन पांडेय बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
बिजनेस अपडेट्स - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन
दूरसंचार नियामक ट्राई ने स्पैम कॉल और संदेशों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहने पर दूरसंचार कंपनियों पर 150 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। 2020 से शुरू होने वाले तीन वर्षों के लिए लगाए गए जुर्माने को दूरसंचार ऑपरेटरों ने चुनौती दी है। सूत्रों के मुताबिक, शिकायतों को गलत तरीके से बंद करने और स्पैमर के दूरसंचार कनेक्शनों पर कार्रवाई नहीं करने पर दंड लगा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) उन दूरसंचार कंपनियों पर जुर्माना लगाता है, जो वित्तीय दंड लगाने वाले नियमों के पालन में विफल रहती हैं। ट्राई ने पिछले वर्ष 21 लाख से अधिक स्पैमरों के कनेक्शन काटे और एक लाख से अधिक संस्थाओं को काली सूची में डाला है। 
विज्ञापन

 

एचडीएफसी बैंक का जमा 12 फीसदी बढ़ा
एचडीएफसी बैंक का जमा चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़कर 27.52 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 24.52 लाख करोड़ था। बैंक ने शेयर बाजारों को बताया, दिसंबर तिमाही के अंत तक कर्ज भी 12 फीसदी बढ़कर 28.44 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 25.42 लाख करोड़ था। 
 

बैंक ऑफ महाराष्ट्र के ऋण में 20 फीसदी वृद्धि
बैंक ऑफ महाराष्ट्र के कुल कर्ज में अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में 19.61 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। यह बढ़कर 2.73 लाख करोड़ रुपये हो गया है। बैंक ने शेयर बाजारों को बताया, पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के अंत में बकाया ऋण 2.29 लाख करोड़ रुपये था। कुल ऋण में 1.02 लाख करोड़ रुपये के कॉरपोरेट और 1.71 लाख करोड़ रुपये के खुदरा, कृषि एवं एमएसएमई कर्ज भी शामिल हैं। 

टोरंट फार्मा 12,500 करोड़ रुपये जुटाएगी
टोरंट फार्मा के बोर्ड ने निजी प्लेसमेंट के माध्यम से प्रतिभूतियों के निर्गम के जरिये 12,500 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दे दी है। दवा कंपनी ने कहा, प्रतिभूति हस्तांतरण और हितधारक संबंध समिति ने सोमवार को हुई बैठक में निजी प्लेसमेंट के आधार पर एक या अधिक किस्तों में कुल 12,500 करोड़ रुपये तक के सुरक्षित, रेटेड, सूचीबद्ध, प्रतिदेय गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी करने को मंजूरी दी है। 

सुंदरम जुटाएगी 2,000 करोड़ रुपये का फंड
सुंदरम अल्टरेंटेस मार्च, 2026 तक 2,000 करोड़ रुपये तक का रियल एस्टेट फंड जुटाने की योजना बना रही है। सुंदरम फाइनेंस समूह की वैकल्पिक निवेश शाखा के प्रबंध निदेशक कार्तिक अथरेया ने कहा, पिछले तीन महीनों में एसए रियल एस्टेट क्रेडिट फंड वी में पहले ही 1,000 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। मार्च तक 500-1,000 करोड़ रुपये और जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। 

कोटक महिंद्रा का डिविडेंड यील्ड फंड लॉन्च
कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी लि. ने कोटक डिविडेंड यील्ड फंड लॉन्च किया है। यह एक ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो मुख्य रूप से डिविडेंड देने वाले शेयरों में निवेश करती है। इस फंड का लक्ष्य उन कंपनियों में निवेश कर लॉन्ग-टर्म कैपिटल ग्रोथ और/या डिविडेंड प्रदान करना है, जिनका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है। यह स्कीम 5 जनवरी, को खुलेगी और 19 जनवरी को बंद होगी। 
 

जून तक 50 डॉलर प्रति बैरल तक हो सकती हैं कच्चे तेल की कीमतें
कच्चे तेल की कीमतों में इस साल काफी नरमी आने की उम्मीद है। जून तक ये कीमतें 50 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, कीमतों में गिरावट और तेज होने की संभावना है। इससे 2026-27 के लिए खुदरा महंगाई दर 3.4 फीसदी से काफी नीचे आ सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऊर्जा की कीमतों में नरमी से अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। 
 

घरेलू उत्पादन में कमी से दोगुना तक बढ़ गया यूरिया का आयात
घरेलू उत्पादन में गिरावट के चलते चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले आठ महीनों में देश का यूरिया आयात दोगुने से अधिक बढ़कर 71.7 करोड़ टन हो गया है। यह किसानों की मांग को पूरा करने के लिए विदेशी आपूर्ति पर देश की बढ़ती निर्भरता को दर्शाता है। भारतीय उर्वरक संघ (एफएआई) के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-नवंबर, 2024-25 के दौरान यूरिया आयात पिछले वर्ष की समान अवधि के 32.6 करोड़ टन की तुलना में 120 फीसदी बढ़कर 71.1 करोड़ टन हो गया। एफएआई के अध्यक्ष एस शंकर सुब्रमणियन ने कहा, हमने समन्वित योजना के माध्यम से बिक्री में वृद्धि हासिल की है, लेकिन आयात पर अत्यधिक निर्भरता विशेष रूप से यूरिया और डीएपी के लिए रणनीतिक आपूर्ति शृंखला प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करती है। 

यूरिया उत्पादन में 3.7 फीसदी की गिरावट
आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों में देश में यूरिया का उत्पादन 3.7 फीसदी घटकर 1.97 करोड़ टन रह गया। वहीं, कुल यूरिया बिक्री बढ़कर 2.5 करोड़ टन हो गई। यूरिया की बिक्री नवंबर, 2025 में भी एक वर्ष पहले के मुकाबले 4.8 फीसदी बढ़कर 37 लाख टन हो गई।  
विज्ञापन

BECIL ऋण धोखाधड़ी: ईडी को प्रतीक कनकिया की हिरासत मिली
मंगलवार को एक अदालत ने ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बीईसीआईएल) से जुड़े कथित 50 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले में द ग्रीन बिलियन्स लिमिटेड के सीईओ प्रतीक कनकिया को प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में 9 जनवरी तक के लिए भेज दिया।

संघीय एजेंसी ने अदालत को बताया कि कनाकिया "मुख्य साजिशकर्ता" और अपराध की आय का प्राथमिक लाभार्थी था, और बीईसीआईएल से प्राप्त ऋण राशि के अंतिम उपयोग का पता लगाने के लिए उसकी हिरासत में पूछताछ आवश्यक थी। ईडी का मनी लॉन्ड्रिंग मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से सितंबर 2024 में दर्ज की गई एक प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) से जुड़ा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें