देश के आम लोगों को महंगाई के मोर्चे पर एक बार फिर से तगड़ा झटका लगा है। दिसंबर महीने में खुदरा महंगाई दर में बड़ा इजाफा हुआ है। यह पिछले महीने के 4.91 फीसदी से बढ़कर 5.59 फीसदी हो गई है। यह पांच माह का उच्च स्तर है।
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में जहां खुदरा महंगाई दर 4.91 फीसदी थी, तो वहीं दिसंबर में ये आंकड़ा बढ़कर 5.59 फीसदी के स्तर पर जा पहुंचा है। महंगाई पर काबू पाने के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं और आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। खाने के तेल, महंगी साग-सब्जियों और महंगे पेट्रोल, डीजल के अलावा बिजली के बढ़ती कीमतों के कारण दिसंबर महीने में खुदरा महंगाई दर में बड़ी बढ़ोतरी देखी जा रही है। केंद्र सरकार ने सांख्यिकी मंत्रालय ने ये आंकड़े जारी किए हैं।
औद्योगिक उत्पादन नवंबर में 1.4 फीसदी बढ़ा
देश के औद्योगिक उत्पादन में नवंबर 2021 में 1.4 फीसदी की वृद्धि हुई। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2020 में औद्योगिक उत्पादन 1.6 फीसदी घटा था। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल नवंबर में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 0.9 फीसदी बढ़ा।
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान औद्योगिक उत्पादन 17.4 फीसदी बढ़ा है, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष 2020-21 की इसी अवधि में इसमें 15.3 प्रतिशत की गिरावट आई थी। मार्च, 2020 से शुरू हुई कोरोना वायरस महामारी के कारण औद्योगिक उत्पादन प्रभावित हुआ। उस समय इसमें 18.7 प्रतिशत की गिरावट आई थी।