फ्लिपकार्ट के सहसंस्थापक सचिन बंसल ने खुलासा किया है कि खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें कंपनी के मुख्य अधिकारी के पद से हटाया गया था। ऐसा बयान तब आया है जब फ्लिपकार्ट कंपनी को कर्मचारियों को निकालने के चलते आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
अपने कर्मियों को उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सभी को समान मापदंडों के आधार पर जज किया जा रहा है। सचिन बंसल ने यह खुलासा बेंगलुरु में कंपनी की टाउन हॉल मीटिंग के दौरान किया है। देश की सबसे बड़ी ई कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने पिछले ही महीने 300 कर्मियों को हटाने की बात कही थी।
इस लिस्ट में वे लोग शामिल किए जाने बताए गए जिन्हें नॉन-परफॉर्मर माना गया। इसके बाद से कर्मियों के बीच तनाव और सवाल कायम थे। फ्लिपकार्ट के स्पोक्सपर्सन ने बंसल के स्टेटमेंट के बाबत कहा- टाउनहॉल में कोई भी शख्स कैसा भी सवाल पूछ सकता है, किसी भी मौजूदा नियम पर सवाल उठा सकता है और नेतृत्व को कारोबार व सांगठनिक पैमानों के लिए जिम्मेदार ठहरा सकता है।
गौरतलब है कि सचिन बंसल को जनवरी में सीईओ पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह बिन्नी बंसल को यह पद दिया गया था। बिन्नी बंसल को कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद से प्रमोट करके सीईओ बनाया गया था। दोनों ही एमेजॉन के कर्मी रह चुके हैं। दिलचस्प है कि सचिन बंसल और बिन्नी बंसल रिश्तेदार नहीं हैं, जैसा कि लोगों को लगता है।