एक्सिस बैंक के निदेशक मंडल ने एक जनवरी 2025 से तीन साल के लिए प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यपालक अधिकारी के तौर पर अमिताभ चौधरी की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। बैंक ने गुरुवार को बताया यह उनका तीन साल का दूसरा विस्तार होगा। चौधरी 2019 में एमडी एवं सीईओ के रूप में बैंक में शामिल हुए थे। उनकी सेवाओं को विस्तार दिया गया जो एक जनवरी 2022 से लागू हुआ था। चौधरी इससे पहले एचडीएफसी लाइफ के एमडी व सीईओ थे। एक्सिस बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि पुनर्नियुक्ति के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक और शेयरधारकों की मंजूरी अभी आवश्यक है।
इंडसइंड बैंक का मुनाफा चौथी तिमाही में 15% बढ़ा
निजी क्षेत्र के अग्रणी बैंक इंडसइंड बैंक ने भी मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 मार्च 2024 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में बैंक का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 15 फीसदी की बढ़त के साथ 2349 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 2043 करोड़ रुपये था। बैंक की ब्याज से होने वाली आमदनी (NII) 5376 करोड़ रुपये जो कि पिछले साल की इसी तिमाही की 4669.5 करोड़ रुपये से 13.9 फीसदी अधिक है।
एसीसी का सालाना मुनाफा 300% बढ़ा
अदाणी समूह के स्वामित्व वाली सीमेंट कंपनी एसीसी ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार कंपनी का शुद्ध मुनाफा 945 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं कंपनी का राज्सव 12.6% बढ़कर 5408.72 करोड़ रुपये हो गया। नतीजों के बाद एसीसी ने अपने शेयरों पर 7 रुपये 50 पैसे प्रति शेयर पर लाभांश देने की भी सिफारिश की है।
वेदांता के नतीजे जारी, मुनाफा 1369 करोड़ रुपये रहा
मेटल सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता ने भी 31 मार्च 2024 को समाप्त हुई तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी के नतीजे अनुमानों से कमजोर रहे हैं। अनिल अग्रवाल की अगुवाई वाली कंपनी का मुनाफा 2036 करोड़ रुपए के अनुमान के मुकाबले महज 1369 करोड़ रुपए रहा। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में वेदांता ने कहा कि जनवरी से मार्च के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 1369 करोड़ रुपए रहा। जबकि अनुमान 2036 करोड़ रुपए का था। मार्च तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 35,509 करोड़ रुपए रही, जोकि सालभर पहले की समान तिमाही में 37,930 करोड़ रुपए थी।
टेक महिंद्रा: लाभ 41% कम, देगी 40 रुपये लाभांश
टेक महिंद्रा को बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 661 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले के 1,117 करोड़ की तुलना में यह 41 फीसदी कम है। कंपनी ने बताया कि राजस्व 6.2 फीसदी गिरकर 12,871 करोड़ रुपये रहा है। पूरे वित्त वर्ष में यह फायदा 51.2 फीसदी गिरकर 2,358 करोड़ रुपये रहा है। राजस्व 51,996 करोड़ रुपये है। कंपनी प्रति शेयर 40 रुपये का लाभांश देगी।
इंडसइंड बैंक का मुनाफा 15 फीसदी बढ़ा
बैंक को मार्च तिमाही में 2,349 करोड़ का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की तुलना में यह 15 फीसदी अधिक है। ब्याज से कमाई 12,199 करोड़ रुपये रही है। बैंक प्रति शेयर 16.50 रुपये का लाभांश देगा।
बजाज फाइनेंस निवेशकों को देगी 36 रुपये लाभांश
बजाज फाइनेंस को 2023-24 की चौथी तिमाही में 3,825 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 21 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान कुल राजस्व बढ़कर 14,932 करोड़ रुपये रहा है। ब्याज आय 28 फीसदी बढ़कर 8,013 करोड़ रही है। कंपनी का शुद्ध एनपीए 0.37 फीसदी रहा है। उसने प्रति शेयर 36 रुपये लाभांश देने की घोषणा की है।
जून से दो फीसदी महंगी होंगी ऑडी की गाड़ियां
ऑडी ने कच्चे माल की बढ़ती कीमत के असर को कम करने के लिए जून से भारत में अपने विभिन्न मॉडल की कीमतों में दो फीसदी तक बढ़ोतरी करने की घोषणा की। वाहन विनिर्माता ने कहा, बढ़ी कीमतें एक जून, 2024 से प्रभावी होंगी।
स्विगी 10,414 करोड़ का लाएगी आईपीओ
फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी 10,414 करोड़ रुपये का आईपीओ लाएगी। कंपनी के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इसमें नए शेयर से 3,750 करोड़ और ऑफर फॉर सेल के जरिये 6,644 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। एंकर निवेशकों से 750 करोड़ जुटाए जाने की उम्मीद है।