ईधन की खुदरा विक्रेता कंपनियों ने गुरुवार को विमान ईंधन या एटीएफ की कीमत में 4.4 प्रतिशत कटौती का एलान किया। यह एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी कटौती है। इसके अलावे, होटलों और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार 14.50 रुपये प्रति सिलेंडर कम कर दी गई।
सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, दिल्ली में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत 3,954.38 रुपये प्रति किलोलीटर या 4.4 प्रतिशत घटकर 85,486.80 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। राजधानी देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। मूल्य में यह कटौती 1 अप्रैल को की गई 6.15 प्रतिशत (5,870.54 रुपये प्रति किलोलीटर) की भारी कटौती के बाद की गई है। इन दो कटौतियों ने इस वर्ष के शुरू में हुई मूल्य वृद्धि की प्रभावी रूप से भरपाई कर दी है। मुंबई में एटीएफ की कीमत 83,575.42 रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 79,855.59 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई, जबकि चेन्नई और कोलकाता में इसकी कीमत क्रमश: 88,494.52 रुपये और 88,237.05 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई।
तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में भी 14.50 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर की कटौती की है। अब राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 1,747.50 रुपये और मुंबई में 1,699 रुपये होगी। यह कटौती 1 अप्रैल को प्रति सिलेंडर 41 रुपए की कटौती के बाद की गई है।
पिछले कुछ हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में नरमी आई है। ऐसा वैश्विक व्यापार युद्ध के कारण ईंधन की मांग घटने की आशंका के बाद हुआ। ब्रेंट क्रूड 61 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार करता दिखा। जो तीन साल में सबसे निचला स्तर है। एटीएफ और एलपीजी की कीमतें वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर हर राज्य में अलग-अलग होती हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम पर अपरिवर्तित रखी गई है। पिछले महीने घरेलू रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) जैसी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और रसोई गैस की कीमतों में बदलाव करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में नरमी आई है, लेकिन घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। पिछले साल मार्च के मध्य में आम चुनावों से पहले कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।