अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
व्यापार अर्थशास्त्रियों ने आशंका जताई है कि अमेरिका को इस साल, पिछले सात दशकों से अधिक समय में सबसे भयानक मंदी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि कोरोना वायरस महामारी लौटकर आ सकती है, जो अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा संकट लाएगी।
2020 में 5.9 फीसदी घटेगी GDP
नेशनल एसोसिएशन फॉर बिजनेस इकोनॉमिक्स (एनएबीई) ने इस संबंध में किए गए एक सर्वेक्षण के नतीजे सोमवार को जारी किए। इसमें अनुमान जताया गया है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते अमेरिका में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 2020 में 5.9 फीसदी घट जाएगा।
यह गिरावट 1946 के बाद सबसे अधिक होगी, जब द्वितीय विश्व युद्ध के चलते अमेरिका की जीडीपी में 11.6 फीसदी की कमी हुई थी।
जनवरी-मार्च तिमाही में इतनी घटेगी जीडीपी
एनएबीई के 48 विशेषज्ञों के दल ने अनुमान जताया है कि जनवरी-मार्च तिमाही में अमेरिका की जीडीपी पांच फीसदी घट जाएगी, जबकि इसके बाद अप्रैल-जून तिमाही में ये गिरावट रिकॉर्ड 33.5 फीसदी की होगी।
दूसरी छमाही बेहतर रहेगी वृद्धि दर
एनएबीई के दल का हालांकि अनुमान है कि 2020 की दूसरी छमाही में वृद्धि दर बेहतर रहेगी और इसके जुलाई-सितंबर तिमाही में 9.1 फीसदी और अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में 6.8 फीसदी रहने का अनुमान है।
इन अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि 2021 में अमेरिकी की वृद्धि दर 3.6 फीसदी रहेगी।