भारत में नौकरी करने के लिहाज से 10 कंपनियों की सूची जारी हुई है। एक सर्वे के अनुसार इन कंपनियों में कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा, बढ़िया पैसा और ग्रोथ की संभावनाएं काफी रहती हैं। रैंडस्टैंड इंडिया की इस सूची के अनुसार अमेजन इंडिया सबसे शीर्ष पर है। वहीं गूगल इंडिया को लगातार तीन साल सर्वोच्च स्थान पर रहने के चलते पिछले साल हॉल ऑफ फेम शामिल किया था। यह सर्वे 32 देशों में किया जाता है।
दूसरे नंबर पर है माइक्रोसॉफ्ट
रैंडस्टेंड इंपलॉयर ब्रांड रिसर्च द्वारा जारी सर्वे के अनुसार इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट इंडिया है। वहीं तीसरे नंबर पर सोनी इंडिया है। लिस्ट में चौथे स्थान पर मर्सिडिज बेंज, पांचवें पर आईबीएम, छठवें पर एलएंडटी, सातवें पर नेस्ले, आठवें पर इंफोसिस और दसवें पायदान पर डेल है।
ऐसे तय हुई कंपनियों की रैंकिंग
कंपनियों की रैंकिंग तय करने में कर्मचारियों को मिलने वाली सैलरी और अन्य सुविधाएं, वर्क-लाइफ बैलेंस और नौकरी की सुरक्षा शामिल हैं। इस सर्वे में दो लाख लोगों से राय मांगी गई थी। रैंडस्टेंड इंडिया के सीईओ और एमडी पॉल ड्यूप्स ने कहा कि यह सर्वे कंपनियों के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। कंपनियां जहां अपने कर्मचारियों को स्किल के बारे में बता सकती हैं, वहीं कर्मचारी भी ऐसी कंपनियों के साथ जुड़ना सही समझते हैं।
55 फीसदी भारतीयों की पसंद एमएनसी
सर्वे में सामने आया कि 55 फीसदी भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनियों (एमएनसी) में नौकरी करना चाहते हैं। वहीं केवल नौ फीसदी स्टार्टअप को तरजीह देते हैं। एमएनसी इसलिए क्योंकि यहां पर नौकरी सुरक्षित रहती है, वित्तीय सुरक्षा और ग्रोथ के काफी अवसर मिलते हैं।
एमएनसी के बाद आईटी सेवा से जुड़ी कंपनियां, रिटेल, एफएमसीजी, ई-कॉमर्स, ऑटो और बीएफएसआई शामिल हैं।