लो कॉस्ट एयरलाइंस इंडिगो और गो एयर द्वारा 600 उड़ानों को रद्द करने के बाद देश के कुछ चुनिंदा रूट्स पर हवाई किराये में 65 फीसदी की वृद्धि हो गई है। इससे उन यात्रियों की मुश्किलें सबसे ज्यादा बढ़ गई हैं, जो स्पॉट बुकिंग कराके यात्रा करते हैं। यह हाल दो दिन पहले टिकट बुक कराने वालों के साथ भी देखने को मिल रहा है।
इन रूट्स पर बढ़ गए हैं किराये
जिन रूट्स पर हवाई किराये बढ़ गए हैं उनमें दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-कोलकाता, दिल्ली-हैदराबाद, दिल्ली-चेन्नई और मुंबई-बंगलूरू शामिल हैं। इन शहरों में यात्रा करने पर यात्रियों को 26 से 65 फीसदी अधिक किराया देना पड़ रहा है। 13 मार्च के बाद से किरायों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका असर आगे के लिए भी देखा जा रहा है।
राउंड ट्रिप के किराये भी हुए महंगे
मान लीजिए अगर आपको अगले महीने यानी 30 अप्रैल को दिल्ली से हैदराबाद के बीच टिकट बुक करानी है तो उसके लिए भी आपको कम से कम 10 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। वहीं दिल्ली-चेन्नई का 23 मार्च के लिए राउंड ट्रिप टिकट 8733 रुपये का पड़ रहा है। इस हिसाब से केवल इस रूट पर किराये में 64.77 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं दिल्ली-कोलकाता का किराया 9271 रुपये, दिल्ली-मुंबई का किरया 8223 रुपये हो गया है।