तेल कंपनियों ने नए साल में हवाई ईंधन के दामों 14 फीसदी की कटौती कर दी है। यह कटौती अभी तक की एक बार में की गई सबसे अधिक है। इससे अब हवाई ईंधन पेट्रोल से भी सस्ता हो गया है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, विमान ईंधन का दाम 9,990 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 14.7 प्रतिशत गिरकर 58,060.97 रुपये प्रति किलोलीटर पर आ गया है।
नए साल में हुई कटौती से सबसे बड़ी राहत हवाई कंपनियों को मिली है। इससे नकदी संकट से जूझ रही विमानन कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एटीएफ की कीमतों में गिरावट के मद्देनजर यह कमी की गयी है। इसके बाद एटीएफ, पेट्रोल और डीजल से भी सस्ता हो गया है।
दिल्ली में पेट्रोल 68.65 रुपये प्रति लीटर है। इसकी तुलना में एटीएफ 58,060.97 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 58.06 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, दिल्ली में डीजल 62.66 रुपये में है। इस लिहाज से एटीएफ, पेट्रोल और डीजल की तुलना में सस्ता हो गया है।