एयर इंडिया ने सोमवार को कहा है कि वह अपने बेड़े में अगले 15 महीनों के दौरान 30 नए विमान जोड़ेगा। इनमें पांच वाइड बॉडी बोईंग प्लेन भी शामिल हैं। टाटा की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया का प्लान इस वर्ष दिसंबर से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं को विस्तार देना है। एयर इंडिया की ओर से बताया गया है कि एयरलाइन ने अगले 15 महीनों में पांच वाइड-बॉडी बोइंग और 25 एयरबस नैरो-बॉडी विमानों को शामिल करने के लिए लीच और आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए हैं।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, 'इन नये विमानों से एयरलाइन के बेड़े में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होगी। ये विमान 2022 के अंत से परिचालन शुरू करेंगे। हाल के महीनों में परिचालन में वापस आने वाले संकरी बॉडी वाले 10 विमानों और चौड़ी बॉडी वाले छह विमानों को छोड़ दें तो ये नए विमान एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद पहले बड़े विस्तार का प्रतीक हैं।' टाटा समूह ने इस साल इंडिया का अधिग्रहण किया था। पट्टे पर लिए जा रहे विमानों में 21 एयरबस ए320 नियो, चार एयरबस ए321 नियो और पांच बोइंग बी777-200एलआर शामिल हैं।
एयर इंडिया के बेड़े में चौड़ी बॉडी वाले बोइंग के विमान होंगे शामिल
एयर इंडिया के बेड़े में 21 एयरबस A320neos, 4 एयरबस A321neos और और 5 बोइंग B777-200LRs विमान को शामिल किया जाएगा। बोइंग के विमान चौड़ी बॉडी वाले होंगे, जबकि एयरबस के विमान पतली बॉडी वाले होंगे। ये विमान एयरलाइन के फ्लीट में दिसंबर 2022 से मार्च 2023 तक शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय रूटों पर उड़ाए जाएंगे चौड़ी बॉडी वाले बयान
बोइंग के चौड़ी बॉडी वाले विमान भारत और अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय रूट पर उड़ाए जाएंगे। भविष्य में मुंबई से सैन-फ्रांसिस्को के बीच भी एयर इंडिया की उड़ान सेवा उपलब्ध होगी। इस अलावा बेंगलुरु से भी सेन फ्रांसिस्को के लिए एयर इंडिया की हवाई सेवा शुरू की जाएगी। जानकारों के मुताबिक इसकी मदद से एयर इंडिया पहली बार प्रीमियम इकोनॉमी फ्लाइट सेवा उपलब्ध करा पाएगा।
कब बढ़ेगा एयर इंडिया के विमानों का बेड़ा?
एयर इंडिया के बेड़े में चार एयरबस A321 neos मार्च 2023 तक शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 21 एयरबस ए320s विमानों को वर्ष 2023 की दूसरी छमाही में एयरलाइन की फ्लीट में शामिल करने करने की योजना है।
वर्तमान में एयर इंडिया के पास कितने विमान हैं?
बता दें कि टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयर इंडिया के पास फिलहाल 90 नैरो बॉडी विमान हैं। इनमें से 54 विमान फिलहाल सेवा में हैं। बाकी 16 विमानों को भी वर्ष 2023 की शुरुआत में सेवा में वापस लाने की तैयारी जोर-शोर से जारी है। वहीं दूसरी ओर, वाइड बॉडी फ्लीट में एयरलाइन के पास कुल 43 विमान हैं। इनमें से 33 विमान वर्तमान में ऑपरेशनल हैं। बचे हुए दस विमानों को 2023 के शुरुआती महीनों में सर्विस में वापस लेने की योजना पर काम हो रहा है।