एयर एशिया ने दिल्ली आने वाले विमान यात्रियों को 19 से 29 नवंबर तक मास्क देने का फैसला किया है। यह मास्क बेंगलुरू, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता से आने वाले यात्रियों को मिलेगा। इसके लिए एयरएशिया ने हेल्थ टेक्नोलॉजी स्टार्टअप एमफाइन के साथ हाथ मिलाया है।
दिल्ली आने वाले यात्रियों को एयर एशिया इस माह के अंत तक मास्क बांटेगी, ताकि वह प्रदूषण की मार से बचे रहें। यह सुविधा दिल्ली की तरफ अन्य मेट्रो शहरों से आने वाले सभी विमानों में उपलब्ध होगी। एयर एशिया इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सीओओ संजय कुमार ने कहा कि बंगलूरू, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता से आने वाले यात्रियों को यह मास्क दिया जाएगा। दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो गई है।
कुमार ने कहा कि हम अपने ग्राहकों को उड़ान के बाद भी उनकी सेहत का ख्याल रखते हुए यह मास्क दे रहे हैं। ग्राहकों के अलावा दिल्ली की तरफ आने वाले केबिन क्रू, पायलट और अन्य स्टाफ को भी यह मास्क दिए जा रहे हैं।
494 है अभी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूंचकांक
कंपनी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूंचकांक 494 है। सफर के अनुसार पीएम 2.5 फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है। सर्दियों में जब तापमान कम हो जाता है तो प्रदूषण तत्व जमीन के काफी करीब होते हैं। इस कैंपेन की शुरुआत मंगलवार से हो गई है, जो कि 29 नवंबर 2019 तक चलेगी।
दिसंबर 2016 में बीजिंग जाने वाली 350 उड़ानों का परिचालन हवाई कंपनियों ने बंद कर दिया था, क्योंकि वहां पर प्रदूषण के चलते हालात काफी खराब हो गए थे।