टाटा समूह के अलावे इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयर भी कमजोर पड़े
गुरुवार को दोपहर करीब 03.40 बजे बीएसई पर टाटा मोटर्स के शेयर 2.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 714.45 रुपये, टाइटन के शेयर 2.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3448.90 रुपये, टाटा स्टील 2.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 152.60 रुपये और टीसीएस के शेयर 1.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3432.00 रुपये के भाव पर दिखे। इनके अलावा, देश की प्रमुख एविएशन कंपनी इंडिगो (इंटरग्लोब एविएशन) के शेयर 3.32 प्रतिशत (187.00 रुपये) की गिरावट के साथ 5444.00 रुपये और स्पाइसजेट के शेयर 2.40 प्रतिशत 1.09 रुपये की गिरावट के साथ 44.40 रुपये पर आ गए।
अहमदाबाद में विमान हादसा
- फोटो : PTI
हादसे का शिकार हुआ विमान बोइंग 787-8 था
बताते चलें कि आज हादसे का शिकार हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, एक बोइंग 787-8 विमान था, जिसमें बिजनेस क्लास और इकोनॉमी क्लास की कुल 254 से लेकर 267 सीट होती हैं। अहमदाबाद से इस विमान को करीब 9 घंटे की यात्रा के बाद 10.45 बजे लंदन से सटे गैटविक एयरपोर्ट पर लैंड करना था। हादसे के समय विमान में 12 क्रू मेंबर्स और 230 यात्रियों समेत कुल 242 लोग सवार थे। इतना ही नहीं, ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि क्रैश हुए विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
विमान हादसा सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुआ। इससे पूरे इलाके में भारी धुंआ और आग की लपटें देखी गईं। स्थानीय निवासियों ने आसमान में काले धुएं का गुबार देखा, जिससे पता चला कि हादसा गंभीर है। बता दें कि हादसे का शिकार हुआ एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर प्लेन अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। टेक ऑफ के दौरान ये एयरपोर्ट की दीवार से टकरा गया और उसमें आग लग गई।
बोइंग के शेयरों में भी गिरावट
एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद गुरुवार को बोइंग के शेयरों में गिरावट आई। यह आपदा विमान निर्माता के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि इसके नए सीईओ सुरक्षा और उत्पादन चुनौतियों की एक श्रृंखला के बाद विश्वास को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं हादसे को लेकर बोइंग ने एक बयान में कहा कि उसे शुरुआती रिपोर्टों के बारे में पता है और वह अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रहा है। बोइंग के शेयर शुरुआती घंटे में पहले 8% तक गिरने के बाद 1430 GMT तक 3.85% गिरकर $205.7 पर कारोबार करते दिखे। आईजी समूह के विश्लेषक क्रिस ब्यूचैम्प ने कहा, 'यह (घटना के प्रति) एक झटके में की गई प्रतिक्रिया है और हाल के वर्षों में बोइंग विमान और खुद बोइंग को परेशान करने वाली समस्याओं के बारे में संशोधित आशंकाएं हैं'।