Adani Ports: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने कोच्चि के कलामस्सेरी में अदाणी लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, इसका भूमिपूजन केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने किया। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने कोच्चि के कलामस्सेरी में अदाणी लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इसका भूमिपूजन केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने किया।
विज्ञापन
इस परियोजना को राज्य की 'केरल में निवेश' पहल के हिस्से के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके। यह ऐतिहासिक परियोजना केरल को एक लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक महाशक्ति में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कोच्चि में रणनीतिक रूप से स्थित कलामस्सेरी- एक ऐसा शहर है जो तेजी से औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स विकास के केंद्र के रूप में उभर रहा है, यह पार्क 70 एकड़ में फैला है। अदाणी लॉजिस्टिक्स पार्क को परिवहन लागत कम करने, समय पर संचालन को सक्षम करने और ई-कॉमर्स, एफएमसीजी-एफएमसीडी, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोटिव और रिटेल सहित प्रमुख क्षेत्रों में निर्यात क्षमताओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।
विज्ञापन
कंपनी के अनुसार लॉजिस्टिक्स पार्क पर 600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और इससे 1,500 से अधिक नौकरियों का सृजन होगा। इसके साथ स्थानीय रोजगार, कौशल विकास और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लाजिस्टिक्स पार्क के तैयार हो जाने से एसएमई के लिए आपूर्ति शृंखला पारिस्थितिकी तंत्र के भीतर फलने-फूलने के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।