अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटिड (एनसीडी) का 1000 करोड़ रुपये का बॉन्ड निर्गम बुधवार को खुलने के सिर्फ तीन घंटे के भीतर ही पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया। यह जानकारी स्टॉक एक्सजेंच के आंकड़ों में सामने आई है। इसके अनुसार निर्गम को दोपहर 3.30 बजे तक 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां प्राप्त हुईं।
ये भी पढ़ें: Vedanta: अमेरिकी शॉर्ट सेलर के निशाने पर अब वेदांता समूह, बताया ताश के पत्तों से बना घर, कंपनी बोली- सरासर झूठ
प्रति वर्ष 9.3 प्रतिशत तक ब्याज देने का वादा
सूत्रों के अनुसार यह गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) इश्यू बुधवार को खुला था और 22 जुलाई तक चलना था। लेकिन जल्दी सब्सक्राइप्शन मिलने के कारण इसे समय से पहले बंद किया जा सकता है। अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी ने निवेशकों को प्रति वर्ष 9.3 प्रतिशत तक ब्याज देने का वादा किया है। यह इश्यू पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर था।
एनसीडी क्या है?
एनसीडी, निवेशकों से धन जुटाने के लिए कंपनियों द्वारा जारी किये जाने वाले ऋण उपकरण हैं, जिनमें निश्चित ब्याज भुगतान का वादा किया जाता है।
कंपनी ने दूसरी एनसीडी पेश की
यह अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज की दूसरी सार्वजनिक एनसीडी पेशकश थी। इसमें खुदरा निवेशकों, उच्च निवल मूल्य वाले व्यक्तियों और कॉरपोरेट्स सहित पूरी तरह से गैर-संस्थागत वर्ग की भागीदारी देखी गई।
गैर-संस्थागत निवेशकों की रही भागीदारी
एक प्रमुख प्रबंधक ने कहा कि इस इश्यू की सबसे खास बात यह है कि इसमें पूरी भागीदारी गैर-संस्थागत निवेशकों से आई है। एक ब्रांड के रूप में अदाणी जनता के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। खुदरा एनएचआई और कॉर्पोरेट निवेशकों ने उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी है, जिससे कंपनी की क्रेडिट प्रोफाइल और भविष्य के दृष्टिकोण में विश्वास और मजबूत हुआ है।
कंपनी ने नवंबर में जुटाए थे 800 करोड़ रुपये
इससे पहले सितंबर 2023 में कंपनी की पहली एनसीडी पेशकश ₹800 करोड़ की थी, जिसे पहले दिन ही 90 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला था। इस बार के इश्यू का निर्गम आकार ₹500 करोड़ रुपये है , जिसमें अतिरिक्त ₹500 करोड़ का ग्रीनशू विकल्प शामिल था, जिससे कुल राशि ₹1,000 करोड़ तक पहुंच सकती थी। प्रत्येक एनसीडी का फेस वैल्यू ₹1,000 रखा गया है। निवेशक कम से कम 10 एनसीडी और उसके बाद 1 एनसीडी के गुणक में आवेदन कर सकते थे। न्यूनतम आवेदन राशि ₹10,000 हो जाएगी।
75 प्रतिशत हिस्सा कर्ज के भुगतान के लिए होगा
कंपनी ने बताया कि इस इश्यू से जुटाई गई राशि का कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा कंपनी के मौजूदा कर्ज के भुगतान या आंशिक भुगतान में उपयोग किया जाएगा और शेष अधिकतम 25 प्रतिशत सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए होगा। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड, ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड और टिप्सन्स कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू के प्रमुख प्रबंधक हैं।