जल्द ही भारत के आठ बड़े एयरपोर्ट के पास की 759 एकड़ जमीन किराए पर दी जा सकती है। इसके लिए भारतीय विमानतल प्राधिकरण (एएआई) ने योजना बना ली है। 759 एकड़ जमीनों को किराए पर देने के बाद जो पैसा मिलेगा, उसे एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे के विकास में इस्तेमाल किया जाएगा।
इन जमीनों पर निजी क्षेत्र के होटल, वेयर हाउस और रेस्त्रां आदि का निर्माण हो सकेगा। इस संदर्भ में एएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि फैसले के अनुसार, विमानतलों के आसपास की जमीनें किराए पर देंगे। ऐसा करने से प्राधिकरण का गैर ट्रैफिक रेवेन्यू बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शहर के आसपास विकास के लिए इनकी बिक्री का फैसला लिया गया है।
आगे उन्होंने कहा कि इससे जो पैसा मिलेगा, उससे उन शहरों के विकास के लिए खर्च किया जाएगा, जो हवाई सुविधाओं से वंचित हैं या उनमें ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
बता दें, कि एएआई नागरिक विमानन मंत्रालय के अधीन कार्यरत है, जो 129 एयरपोर्ट का संचालन करता है। 129 में से 94 एयरपोर्ट वर्ष 2017-18 में घाटे में चल रहे हैं। यह जमीनें किसी कंपनी या संगठन को 25 से 30 साल के लिए लीज पर दी जाएगी और उनसे सालाना किराया वसूला जाएगा।