महामारी के दौरान बिना सोचे-समझे की गई हायरिंग से आई छंटनी की नौबत
ये सभी कंपनियां छंटनी का कारण बाजार के बिगड़ते हालात को बता रही हैं। दरअसल हुआ ये कि कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन के कारण ऑनलाइन सेवाओं के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा। लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए स्टार्टअप कंपनियों में बड़े पैमाने पर बहाली की। बड़ी संख्या में लोगों को घर बैठे-बैठे ही हायर कर लिया गया और वर्क फ्रॉम होम के तहत वे काम भी करने लगे। कोविड संकट के बाद बाजार खुलने के बाद 2022 में हालात बदलने लगे। बाजार खुले तो लोग खरीदारी के लिए बाहर निकलने लगे। इससे कंपनियों का सेल्स ग्राफ गिरने लगा। हायर किए गए कर्मियों का काम तो घटने लगा पर उनकी तनख्वाह का प्रेशर कंपनियों पर बढ़ गया। नतीजतन ऐसी स्थिति बन गई जिससे कंपनियों के पास खर्चा घटाने के लिए छंटनी का ही सहारा बचा।
2022 में भारतीय स्टार्टअप्स को मिलने वाली फंडिंग में भी बड़ी गिरावट
पीडब्ल्यूसी स्टार्टअप डील ट्रेकर के अनुसार देसी स्टार्टअप्स में छंटनी का एक बड़ा कारण फंडिंग का सूखा भी रहा। 2022 में भारतीय कंपनियों को 24 बिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल हुई। यह 2021 में हासिल फंडिंग का महज 33% है। जानकारों का मानना है कि पिछले साल जब स्टार्टअप्स को मनमाफिक फंडिंग मिली उन्होंने बिना उचित बिजनेस मॉडल के बड़ी संख्या में हायरिंग कर लीं। अब जब बिजनेस अनुमान के मुताबिक नहीं रहा तो कंपनियों के संस्थापक लोअर वैल्युएशन के डर से छंटनी का कदम उठाने लगे हैं। हालांकि कुछ आर्थिक जानकार मानते हैं कि ऐसा करने की बजाय कंपनियों को अपने बिजनेस मॉडल की खामियों को दूर करने पर काम करना चाहिए।
कंपनियों की हायरिंग प्रक्रिया में 44% तक की आई गिरावट
मानव संसाधन फर्म सीआईईएल के अनुसार वर्ष 2022 की शुरुआत की तुलना में वर्ष के अंत में कंपनियों की हायरिंग प्रक्रिया में 44% तक की गिरावट दर्ज की गई। एचआर रिस्क मैनेजमेंट फर्ज टीआरएसटी स्कोर के सुधाकर राजा के अनुसार कोरोना संकट के दौरान कंपनियों ने बड़े-बड़े ऑफर देकर लोगों को हायर कर लिए। अब उनसे पल्ला झाड़ना चाहते हैं। इसी का परिणाम है छंटनी। अब वे व्यापार और प्रदर्शन को तरजीह दे रहे हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी गंवानी पड़ रही है।