भारत में खुदरा महंगाई 16 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। सोना-चांदी के आभूषण, टमाटर, अदरक और अन्य रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है।
इस तपती गर्मी में सिर्फ मौसम का पारा ही नहीं चढ़ रहा है, आपके घर का मासिक बजट और रसोई का खर्च भी बढ़ रहा है। शुक्रवार को जारी हुए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई के आधिकारिक आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि आम आदमी की जेब पर चौतरफा बोझ बढ़ रहा है।
यहां राहत
बढ़ती महंगाई के बीच आलू (-23.71%), हरी मटर (-11.47), मोटर कार एवं जीप (-7.19%), जीरा (-4.59%) और मोटर साइकिल-स्कूटर (-3.56%) की कीमतों में सालाना आधार पर गिरावट आई है।
इन राज्यों में सर्वाधिक महंगाई दर
| राज्य | महंगाई दर |
|---|---|
| तेलंगाना | 6.15% |
| तमिलनाडु | 5.11% |
| आंध्र प्रदेश | 4.90% |
| कर्नाटक | 4.59% |
| ओडिशा | 4.54% |
| उत्तर प्रदेश | 3.97% |
| पंजाब | 3.34% |
| हरियाणा | 3.09% |
| हिमाचल प्रदेश | 3.05% |
| दिल्ली | 2.50% |
शहरों से ज्यादा गांवों में बढ़ी महंगाई
बीते माह ग्रामीण महंगाई 4.25 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि शहरों में यह 3.53 फीसदी दर्ज की गई। खाद्य महंगाई के मामले में भी गांवों का आंकड़ा 4.85 फीसदी है, जबकि शहरों में 4.66 फीसदी। ग्रामीण महंगाई बढ़ने से कपड़े, जूते, बाइक, मोबाइल और रोजमर्रा के सामान की खरीदारी कम हेागी, जिससे कंपनियों की बिक्री-मुनाफे पर चोट पहुंचेगी।