फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावधान: त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग करते समय रहें सावधान, ये पांच सुरक्षा कवच बचाएंगे आपकी गाढ़ी कमाई

Tue, 10 Nov 2026 05:59 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल द बोनस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी और आकर्षक ऑफर्स के बीच डिजिटल ठगी का खतरा बढ़ जाता है। फर्जी वेबसाइट, नकली भुगतान लिंक, मुफ्त गिफ्ट और कैशबैक के नाम पर ठग लोगों की बैंकिंग जानकारी चुरा सकते हैं। एनपीसीआई ने इससे बचने के लिए पांच सुरक्षा उपाय बताए हैं। आखिर खरीदारी करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए और कौन से सुरक्षा कवच आपकी गाढ़ी कमाई बचा सकते हैं? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
ऑनलाइन शॉपिंग - फोटो : Amar Ujala AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

त्योहारी सीजन में बाजारों से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म तक हर जगह छूट और ऑफर्स की धूम है। कहीं भारी डिस्काउंट मिल रहा है, तो कहीं कैशबैक और मुफ्त गिफ्ट का लालच दिया जा रहा है। लोग इन ऑफर्स का फायदा उठाने के लिए तेजी से खरीदारी कर रहे हैं। लेकिन इसी भीड़ और जल्दबाजी के बीच डिजिटल ठगी का खतरा भी बढ़ जाता है। एक छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में ऑनलाइन भुगतान करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने डिजिटल भुगतान को सुरक्षित रखने के लिए पांच जरूरी सुरक्षा उपाय बताए हैं।

विज्ञापन


एनपीसीआई के मुताबिक, त्योहारों के दौरान ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। वे फर्जी वेबसाइट, नकली भुगतान लिंक, मुफ्त वाउचर और कैशबैक जैसे ऑफर्स का इस्तेमाल करते हैं। कई बार ग्राहकों को फोन या संदेश भेजकर डराया जाता है कि उनका भुगतान रुक गया है या बैंक खाता बंद होने वाला है। इसके बाद उनसे ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है। कई लोग डर या जल्दबाजी में ऐसी जानकारी साझा कर देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। इसलिए किसी भी ऑफर या भुगतान अनुरोध पर तुरंत भरोसा करने के बजाय उसकी सच्चाई जांचना जरूरी है।

खरीदारी के लिए फर्जी वेबसाइट और लिंक से कैसे बचें?
त्योहारी सीजन में ठग असली शॉपिंग वेबसाइट से मिलते-जुलते नाम और वेब एड्रेस बनाते हैं। इन वेबसाइटों पर आकर्षक छूट और सस्ते सामान का लालच दिया जाता है। ग्राहक जैसे ही ऐसे लिंक पर क्लिक करते हैं, उनकी निजी जानकारी और बैंक से जुड़ी डिटेल चोरी होने का खतरा रहता है। कुछ लिंक में ऐसे नुकसानदायक प्रोग्राम भी हो सकते हैं, जो मोबाइल या कंप्यूटर की सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं। इससे बचने के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या शॉपिंग एप का इस्तेमाल करें। वेबसाइट का पता खुद टाइप करके खोलें। किसी अनजान नंबर से आए संदेश, ग्रीटिंग या ऑफर वाले लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा, भुगतान हमेशा शॉपिंग प्लेटफॉर्म के आधिकारिक चेकआउट पेज पर ही करें। अगर कोई विक्रेता आपको एप या वेबसाइट से बाहर किसी दूसरी यूपीआई आईडी या भुगतान लिंक पर पैसे भेजने के लिए कहता है, तो सावधान हो जाएं। पैसे भेजने से पहले विक्रेता की जानकारी जरूर जांचें।
विज्ञापन


मुफ्त गिफ्ट और कैशबैक के नाम पर ठगी कैसे होती है?
त्योहारों में मुफ्त गिफ्ट, बंपर कैशबैक और फेस्टिव रिवॉर्ड के नाम पर कई तरह के संदेश भेजे जाते हैं। इनमें दावा किया जाता है कि ग्राहक को बड़ा इनाम मिला है या खरीदारी पर अतिरिक्त पैसा वापस मिलेगा। इसके बाद इनाम पाने के लिए ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या छोटी सी प्रोसेसिंग फीस मांगी जाती है। लोग कम रकम या मुफ्त इनाम के लालच में अपनी जानकारी साझा कर देते हैं। एनपीसीआई के मुताबिक, किसी भी अधिकृत प्लेटफॉर्म को रिवॉर्ड देने के लिए आपकी संवेदनशील बैंकिंग जानकारी या पहले से फीस मांगने की जरूरत नहीं होती। ऐसे किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या एप पर जाकर उसकी पुष्टि करें। किसी अनजान व्यक्ति को अपनी बैंकिंग जानकारी न दें।

अचानक आए ओटीपी अनुरोध को खतरे की घंटी क्यों समझें?
ठग कई बार फोन करके दावा करते हैं कि आपका भुगतान असफल हो गया है या आपका बैंक खाता बंद होने वाला है। वे समस्या ठीक करने के नाम पर ओटीपी मांगते हैं। कुछ लोग घबराकर यह नंबर बता देते हैं और उनके खाते से पैसे निकलने का खतरा पैदा हो जाता है। ध्यान रखें कि ओटीपी का इस्तेमाल आपके लेनदेन की पुष्टि के लिए होता है। बैंक या कोई वैध भुगतान एप फोन अथवा संदेश के जरिए आपसे ओटीपी नहीं मांगता। इसलिए किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें। इसी तरह, अगर कोई कहता है कि ऑफर कुछ मिनट में खत्म हो जाएगा या आपका खाता तुरंत बंद कर दिया जाएगा, तो दबाव में आकर कोई कदम न उठाएं। पहले रुकें और संबंधित बैंक या कंपनी के आधिकारिक एप अथवा वेबसाइट से जानकारी की पुष्टि करें।

डिजिटल भुगतान सुरक्षित रखने का आसान मंत्र क्या है?
एनपीसीआई ने डिजिटल ठगी से बचने के लिए स्टॉप, थिंक, एक्ट का आसान फॉर्मूला बताया है। इसका मतलब है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय तीन कदम अपनाएं।

  • स्टॉप यानी रुकें: कोई अनजान लिंक, संदिग्ध भुगतान अनुरोध या अप्रत्याशित मांग सामने आए तो तुरंत लेनदेन रोक दें।
  • थिंक यानी सोचें: भेजे गए संदेश, लिंक और भुगतान की मांग की प्रमाणिकता पर विचार करें। यह भी जांचें कि जानकारी आधिकारिक माध्यम से आई है या नहीं।
  • एक्ट यानी कदम उठाएं: पूरी तरह संतुष्ट होने और जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही भुगतान या कोई दूसरा कदम उठाएं।


त्योहारी खरीदारी में छूट और कैशबैक का फायदा उठाना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए अपनी आर्थिक सुरक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, बाहरी यूपीआई आईडी पर भुगतान करने या ओटीपी साझा करने से बचें। खासकर जब कोई व्यक्ति जल्दबाजी या डर पैदा करके आपसे पैसे या जानकारी मांग रहा हो, तो सतर्क रहें। याद रखें, कुछ मिनट रुककर जांच करना आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें