कोटक महिंद्रा का मुनाफा 14 फीसदी बढ़ा
कोटक महिंद्रा बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2018-19 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 14 फीसदी बढ़कर 2,038.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बैंक का शुद्ध लाभ 1,789.24 करोड़ रुपये था।
वहीं मार्च तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 13,823.33 करोड़ रुपये रही, जो 2017-18 की मार्च तिमाही में 10,874.12 करोड़ रुपये थी। वहीं वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान बैंक का समेकित शुद्ध लाभ 7,204 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पहले के वर्ष में 6,201 करोड़ रुपये था। साथ ही साल के दौरान बैंक की आय 38,723.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 45,903.36 करोड़ रुपये रही।
सस्ते तेल और डॉलर से 46 पैसे चढ़ा रुपया
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के साथ अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की कमजोर स्थिति के कारण मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 46 पैसे चढ़कर 69.56 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर रहा। इसके साथ ही रुपये में लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की गई है।
वहीं, मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा 69.83 रुपये के स्तर पर खुली और चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 69.52 पर पहुंची। इसके बाद कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद से 46 पैसे चढ़कर 69.56 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर रहा। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 70.02 के स्तर पर बंद हुआ था।
कमजोर मांग से सोना 55 रुपये सस्ता
आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग गिरने के कारण मंगलवार को सराफा बाजार में सोना 55 रुपये लुढ़ककर 32,945 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली घटने के कारण चांदी 200 रुपये टूटकर 38,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, मजबूत वैश्विक रुझान ने सोने में आई इस गिरावट को सीमित रखा है। न्यूयॉर्क में सोना 1,285.40 डॉलर प्रति औंस और चांदी 15.06 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 55 रुपये गिरकर क्रमश: 32,945 रुपये और 32,775 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रहा।