सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 12.81 अंक यानी 0.03 फीसदी की बढ़त के बाद 41,945.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 3.15 अंक यानी 0.03 फीसदी की गिरावट के बाद 12,352.35 के स्तर पर बंद हुआ। इस बीच वोडाफोन-आइडिया के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो शुक्रवार को भारती एयरटेल, रिलायंस, ग्रासिम, सन फार्मा, एचसीएल टेक, मारुति, बजाज फिन्सर्व, ओएनजीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं इंफ्राटेल, इंडसइंड बैंक, गेल, वेदांता लिमिटेड, बीपीसीएल, एसबीआई, यस बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, अडाणी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
वोडाफोन-आइडिया के शेयर में गिरावट
आज वोडाफोन-आइडिया का शेयर 25.83 फीसदी की गिरावट आई के साथ बंद हुआ। इसमें 1.55 अंक की गिरावट आई और यह 4.45 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 5.40 के स्तर पर खुला था। समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने की वजह से इसके शेयर में बिकवाली तेज हो गई। सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया समेत अन्य कंपनियों की पुनर्विचार याचिकाओं को खारिज की, जिसके बाद कंपनी का शेयर लुढ़का।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी, प्राइवेट बैंक, मेटल और पीएसयू बैंक हरे निशान पर बंद हुए। वहीं रियल्टी, फार्मा, मीडिया, एफएमसीजी और ऑटो हरे निशान पर बंद हुए।
शुरुआती कारोबार में मामूली गिरावट पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार मामूली गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 56.18 अंक यानी 0.13 फीसदी की गिरावट के बाद 41,876.38 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 25.65 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के बाद 12,329.85 के स्तर पर खुला था।
गुरुवार को 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 59.83 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के बाद 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 12.95 अंक यानी 0.09 फीसदी की बढ़त के बाद 12,356.25 के स्तर पर बंद हुआ था।