ग्लोबल मार्केट में ट्रेड वॉर का असर खत्म होने से भारतीय शेयर बाजार में भी इसका असर देखने को मिला और सेंसेक्स में 107 से ज्यादा अंकों की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं रुपया भी 9 पैसे की तेजी के साथ खुला। सेंसेक्स 33,173 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी भी 57 अंक की बढ़त के साथ 10,188 के स्तर पर हुई।
अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद
ग्लोबल बाजारों से शानदार संकेत देखने को मिल रहे हैं। कल के कारोबार में डाओ जोंस ने 669 अंकों की शानदार छलांग लगाई। अमेरिका-चीन में ट्रेड वॉर घटने के संकेत से माहौल सुधरा है। उधर एशियाई बाजारों की भी मजबूत शुरुआत हुई है। एसजीएक्स निफ्टी में भी तेजी देखने को मिल रही है।
रुपया 9 पैसे की मजबूती के साथ खुला
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन रुपये की मजबूत शुरुआत हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे की बढ़त के साथ 64.78 के स्तर पर खुला। वहीं सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे बढ़कर 64.87 के स्तर पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल, सोने में दिखी तेजी
शानदार ग्लोबल संकेतो और यूएस-चीन ट्रेडवार के ठंडे पड़ने के आसार के बीच अंतर्राष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में सोने और कच्चे तेल में मजबूती नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर कायम है। वहीं सोना भी 1350 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर के ऊपर नजर आ रहा है।