टाटा समूह 20 साल बाद फिर शेयर बाजार में उतर रहा है। समूह की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजी का आईपीओ 22 नवंबर को खुलकर 24 नवंबर को बंद होगा। टाटा टेक टाटा मोटर्स की इकाई है। आईपीओ में टाटा मोटर्स 11.4 फीसदी हिस्सा बेचेगी। कंपनी ने 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। टाटा टेक के इश्यू में अल्फा टीसी 2.4 फीसदी और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड 1.2 फीसदी हिस्सा बेचेगी। टाटा समूह आखिरी बार 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) का आईपीओ लेकर आया था।
इरेडा का इश्यू 21 नवंबर से
सरकारी कंपनी इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (इरेडा) का आईपीओ 21 नवंबर से खुलकर 23 नवंबर को बंद होगा। एंकर निवेशक 20 नवंबर को पैसा लगा सकेंगे। कंपनी ने 30-32 रुपये का भाव तय किया है। पिछले साल मई में एलआईसी के बाद यह किसी सरकारी कंपनी का पहला आईपीओ है।